पीएसी ने राजमार्गों पर टोल और निर्माण गुणवत्ता पर चर्चा की

Ads

पीएसी ने राजमार्गों पर टोल और निर्माण गुणवत्ता पर चर्चा की

  •  
  • Publish Date - July 15, 2026 / 04:09 PM IST,
    Updated On - July 15, 2026 / 04:09 PM IST

नयी दिल्ली, 15 जुलाई (भाषा) संसद की लोक लेखा समिति (पीएसी) ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर टोल वसूलने, सड़कों के निर्माण की गुणवत्ता और सड़क सुरक्षा जैसे कई मुद्दों पर बुधवार को विस्तृत चर्चा की।

कांग्रेस के संगठन महासचिव और लोकसभा सदस्य के. सी. वेणुगोपाल की अध्यक्षता में पीएसी ने यहां संसद भवन परिसर में सार्वजनिक क्षेत्र के बुनियादी ढांचे और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं पर शुल्क, उपयोगकर्ता शुल्क आदि लगाने तथा उनके विनियमन’’ के विषय पर चर्चा की।

बैठक में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और अन्य संबंधित संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपनी बात रखी और सदस्यों को जानकारी दी।

वेणुगोपाल ने बताया कि चर्चा के लिए एनएचएआई और मंत्रालय के अधिकारी पीएसी के समक्ष उपस्थित हुए थे।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमने टोल वसूलने, निर्माण की गुणवत्ता और अन्य सभी मुद्दों पर चर्चा की। यह काफी सार्थक चर्चा रही। इससे पहले, हमने संसद को एक रिपोर्ट सौंपी थी जिसमें डिजाइन, निर्माण आदि से जुड़ी कई कमियों को उजागर किया गया था। मुझे इस बात की खुशी है कि एनएचएआई द्वारा कुछ प्रमुख चिंताओं का समाधान किया गया है।’’

उन्होंने आगे कहा कि बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की गई।

इस बीच, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की सांसद डोला सेन ने बताया कि वाणिज्य संबंधी संसद की स्थायी समिति ने बुधवार को भारत-अमेरिका व्यापार समझौते और इसके मूल्यांकन एवं प्रभावों पर चर्चा की।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते, इसके मूल्यांकन और प्रभाव को लेकर चर्चा की। हम पिछले छह महीनों से उद्योगों और कृषि पर व्यापार समझौते के प्रभावों पर चर्चा कर रहे हैं। हम सभी चिंताजनक मुद्दों पर विचार-विमर्श कर रहे हैं।’’

डोला सेन का यह भी कहना था कि समिति की रिपोर्ट जल्द ही संसद में पेश की जाएगी।

भाषा हक हक मनीषा

मनीषा