हिट एंड रन मामले में जान गंवाने वाले व्यक्ति के माता-पिता ने लगाई न्याय की गुहार
हिट एंड रन मामले में जान गंवाने वाले व्यक्ति के माता-पिता ने लगाई न्याय की गुहार
नयी दिल्ली, दो जुलाई (भाषा) दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में कथित हिट-एंड-रन मामले में अपने 34-वर्षीय बेटे सार्थक मट्टू की मौत के कुछ दिन बाद उसके पिता ने एक भावुक वीडियो संदेश जारी कर न्याय की मांग की।
उन्होंने कहा, ‘मेरे बेटे को मरने के लिए सड़क पर छोड़ दिया गया। हम शोक में डूबे हुए हैं और ऐसे हत्यारे खुलेआम घूम रहे हैं।’
अपनी शोकाकुल पत्नी अनुराधा के साथ बैठे सुरेन्द्र मट्टू ने तीन मिनट से अधिक लंबे इस वीडियो में कहा कि वह अपने बेटे की मौत के जिम्मेदार लोगों को सजा दिलाने के लिए अपनी हर चीज बेचने को तैयार हैं।
उल्लेखनीय है कि 25 जून को दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के राजोकरी फ्लाईओवर पर कथित तौर पर तेज रफ्तार एसयूवी कार के टक्कर मारने से सार्थक की मौत हो गई थी।
सुरेन्द्र के घर के अंदर रिकॉर्ड किए गए इस वीडियो में उन्होंने कहा, ‘आरोपियों को तुरंत जेल भेजा जाना चाहिए और उन्हें फांसी की सजा दी जानी चाहिए।’
उन्होंने कहा, ‘हम कानून का पालन करने वाले नागरिक हैं। हम टैक्स देते हैं। मेरे बेटे को न्याय मिलना चाहिए। इसके लिए मैं कुछ भी करने को तैयार हूं।’
पिता ने जांच की गति पर सवाल उठाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने कहा, ‘उन्होंने मेरे बेटे को मरने के लिए सड़क पर छोड़ दिया। हम दुख मना रहे हैं और ऐसे हत्यारे खुले घूम रहे हैं।’
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मामले में हस्तक्षेप करने की भी अपील की।
पिता ने कहा, ‘‘कृपया मेरे बेटे को न्याय दिलाइए। हमें सिर्फ यही चाहिए।’’
मां अनुराधा मट्टू ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि पुलिस ने अपना काम ठीक से नहीं किया।
उन्होंने कहा कि आरोपियों को गिरफ्तार करने में बहुत समय लगा और बाद में उन्हें जमानत पर छोड़ दिया गया।
पुलिस के अनुसार, गुरुग्राम के निवासी सार्थक मट्टू एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी में काम करता था और घटना के समय अपनी मोटरसाइकिल से नोएडा जा रहा था।
पुलिस ने बताया कि इस दौरान वसंत कुंज के राजोकरी फ्लाईओवर के पास एक महिंद्रा थार ने कथित तौर पर उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) कर्मियों ने उसे भारतीय स्पाइनल इंजरी सेंटर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना में शामिल वाहन सागर साहा को लीज पर दिया गया था। साहा ने कथित तौर पर जांच अधिकारियों को बताया कि हादसे के समय एसयूवी उसका दोस्त अपूर्व सिंह चला रहा था।
पुलिस ने बताया कि अपूर्व सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया और उसका सफदरजंग अस्पताल में चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है।
भाषा जोहेब सुरेश
सुरेश

Facebook


