शिमला में लंबित बकाया राशि को लेकर पेंशनभोगियों का प्रदर्शन

शिमला में लंबित बकाया राशि को लेकर पेंशनभोगियों का प्रदर्शन

शिमला में लंबित बकाया राशि को लेकर पेंशनभोगियों का प्रदर्शन
Modified Date: September 1, 2026 / 08:28 pm IST
Published Date: September 1, 2026 8:28 pm IST

शिमला, एक सितंबर (भाषा) हिमाचल प्रदेश के पेंशनभोगियों ने मंगलवार को यहां विधानसभा के पास अपने लंबित बकाये का भुगतान नहीं किए जाने और अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। उन्होंने सरकार से अपने बकाये का तत्काल भुगतान करने और उनके साथ जल्द बातचीत शुरू करने की मांग की।

प्रदर्शन में सैकड़ों पेंशनभोगियों ने हिस्सा लिया और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान उनकी मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों से तीखी बहस भी हुई।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए राज्य पेंशनभोगी संघ की उपाध्यक्ष नीलम चौहान ने कहा कि वे पिछले तीन वर्षों से अपनी मांगें उठा रहे हैं लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है और सरकार की ओर से किए गए वादे भी पूरे नहीं किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि खराब मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में पेंशनभोगी विधानसभा के बाहर जुटे।

उन्होंने दावा किया कि कभी सरकार 70 से 75 वर्ष की आयु वाले पेंशनभोगियों को लाभ देने की बात करती है और कभी 65 वर्ष से अधिक उम्र के पेंशनभोगियों को भुगतान करने की बात करती है, जबकि पेंशनभोगियों की अन्य लंबित देनदारियों पर अभी तक कोई स्पष्ट फैसला नहीं लिया गया है।

उन्होंने कहा, ‘पेंशनभोगी जीवनभर की सेवा के बाद अपनी मेहनत की कमाई और कानूनी अधिकारों की मांग कर रहे हैं। हालांकि, सरकार पेंशनभोगियों की लंबित बकाया राशि जारी नहीं कर रही है।’

संघ के महासचिव भूप राम वर्मा ने कहा कि प्रमुख मांगों में 16 प्रतिशत महंगाई भत्ते (डीए) का भुगतान, वर्ष 2016 के बाद वेतन संशोधन से जुड़ी देनदारियों का निपटारा, संशोधित पेंशन बकाया, अवकाश नकदीकरण और अन्य लंबित वित्तीय लाभों का भुगतान शामिल है।

वर्मा ने कहा कि खराब मौसम के बावजूद जिस तरह पेंशनभोगी विधानसभा पहुंचे हैं, उससे उम्मीद है कि सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगें पूरी नहीं कीं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

भाषा तान्या नरेश

नरेश


लेखक के बारे में