पलामू में लोगों ने रांची में आंदोलनकारियों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरुद्ध प्रदर्शन किया
पलामू में लोगों ने रांची में आंदोलनकारियों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरुद्ध प्रदर्शन किया
मेदिनीनगर (झारखंड), 12 अगस्त (भाषा) पलामू जिले में ‘झारखंड छात्र न्याय सत्याग्रह’ के बैनर तले छात्रों और अभिभावकों समेत बड़ी संख्या में लोगों ने रांची में 10 अगस्त को विधानसभा की ओर मार्च कर रहे विद्यार्थियों पर पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को प्रदर्शन किया।
काली पट्टी बांधकर प्रदर्शनकारियों ने पुलिस कार्रवाई पर अपना रोष जाहिर किया और रांची में आंदोलन कर रहे विद्यार्थियों के साथ एकजुटता दिखाई।
भाजपा सदस्य सूर्य सोनल सिंह ने पलामू के जिला कलेक्टोरेट में विरोध-प्रदर्शन के तहत दिन भर का उपवास रखा।
सिंह ने कहा, ‘‘अपने अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों पर पुलिस की कार्रवाई लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है। विद्यार्थियों की मांगों का संवाद के जरिए समाधान किया जाए कि न कि उन पर लाठियां चलाई जाएं एवं बल प्रयोग किया जाए।’’
प्रदर्शनकारियों ने 10 अगस्त की घटना की निष्पक्ष जांच, दोषी अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई और घायल विद्यार्थियों के लिए उचित मुआवजे और चिकित्सा सहायता की मांग की।
झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर नौकरी के उम्मीदवारों का आंदोलन बुधवार को रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम में 19वें दिन भी जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगें पूरी होने तक आंदोलन को तेज करने का संकल्प लिया।
भाषा
राजकुमार वैभव
वैभव

Facebook


