असम के लोग ध्रुवीकरण एवं धमकी के विरूद्ध करेंगे मतदान: कन्हैया कुमार

असम के लोग ध्रुवीकरण एवं धमकी के विरूद्ध करेंगे मतदान: कन्हैया कुमार

असम के लोग ध्रुवीकरण एवं धमकी के विरूद्ध करेंगे मतदान: कन्हैया कुमार
Modified Date: April 5, 2026 / 09:03 pm IST
Published Date: April 5, 2026 9:03 pm IST

(फाइल फोटो के साथ)

बोंगाईगांव, पांच अप्रैल (भाषा) कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने रविवार को कहा कि असम की जनता ‘ध्रुवीकरण और धमकी’ की राजनीति के खिलाफ मतदान करेगी तथा (मुख्यमंत्री) हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व वाली सरकार को सत्ता से उखाड़ कर फेंक देगी।

उन्होंने कहा कि बोंगाईगांव के मतदाता भी बदलाव के लिए तैयार हैं और वे इस निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा की सहयोगी असम गण परिषद (अगप) के 40 से अधिक वर्षों से चले आ रहे निरंतर शासन को समाप्त कर देंगे।

कांग्रेस प्रत्याशी गिरीश बरुआ के समर्थन में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कुमार ने कहा, ‘‘नेता सोचते हैं कि लोगों को कुछ हजार रुपये देकर, गुंडों के जरिए उन्हें डराकर, धर्म के नाम पर ध्रुवीकरण करके और कुछ रीलें बनाकर उनका मनोरंजन करके वे किसी भी अपराध से बच सकते हैं।’’

उन्होंने कहा, “लेकिन ऐसा करके उन्होंने असमिया जनता और संस्कृति के गौरव पर हमला किया है और जनता इस चुनाव में इसका जवाब देगी।”

कुमार ने आरोप लगाया कि भाजपा के नेतृत्व वाली मौजूदा सरकार ने राज्य को हर मोर्चे पर वंचित रखा है, जिसमें छह समुदायों को अनुसूचित जनजाति का दर्जा न देना, किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य न मिलना और कोई नया उद्योग स्थापित न होना शामिल है।

बोंगाईगांव में 1985 से लगातार अगप के फणी भूषण चौधरी चुने जाते रहे हैं और फिर 2024 में उपचुनाव में उनकी पत्नी दीप्तिमयी निर्वाचित हुईं।

चौधरी के सांसद निर्वाचित होने के बाद दीप्तिमयी विधानसभा उपचुनाव में उतरी थीं और अब वह इस विधानसभा चुनाव में सदन में जाने की जद्दोजेहद कर रही हैं।

कन्हैया कुमार ने लोगों से इस निर्वाचन क्षेत्र में ‘बदलाव के लिए वोट’ करने का आग्रह किया।

भाषा

राजकुमार नरेश

नरेश


लेखक के बारे में