दिल्ली की जनता भाजपा को वोट देकर ठगा हुआ महसूस कर रही है : केजरीवाल

दिल्ली की जनता भाजपा को वोट देकर ठगा हुआ महसूस कर रही है : केजरीवाल

दिल्ली की जनता भाजपा को वोट देकर ठगा हुआ महसूस कर रही है : केजरीवाल
Modified Date: March 26, 2026 / 09:04 pm IST
Published Date: March 26, 2026 9:04 pm IST

नयी दिल्ली, 26 मार्च (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उसे वोट देकर राजधानी के लोग ‘‘ठगा’’ हुआ महसूस कर रहे हैं।

राजेंद्र नगर के एक निवासी द्वारा पानी की समस्या उठाने के बाद केजरीवाल ने यह टिप्पणी की है। निवासी का दावा है कि पिछले चार दिनों से उनके इलाके में पानी नहीं आ रहा है।

इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए केजरीवाल ने दावा किया कि सत्तारूढ़ पार्टी शासन के मोर्च पर नाकाम रही है और इसके बजाय उनकी आलोचना करने में ही लगी हुई है।

भाजपा की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

केजरीवाल ने कहा, ‘‘दिल्लीवासी भाजपा को वोट देने के बाद ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।’’

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘भाजपा केजरीवाल पर हमला करके सत्ता में आई और वह जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय ऐसा करना जारी रखे हुए है।’’

वह दिल्ली के लोक निर्माण (पीडब्ल्यूडी) मंत्री प्रवेश साहिब सिंह के एक वीडियो पर प्रतिक्रिया दे रहे थे।

सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आधिकारिक निवास रहे बंगले का एक वीडियो ‘धुरंधर 3’ शीर्षक से बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए उन्हें ‘दिल्ली का रहमान डकैत’ बताया।

सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दिल्ली के मुख्यमंत्री रहने के दौरान केजरीवाल के आधिकारिक आवास रहे बंगले को ‘शीशमहल’ कहती रही है। सिंह वीडियो में आवास की भव्य चीज़ों और उनकी कीमत की जानकारी देते हुए दिख रहे हैं।

ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘धुरंधर’ में रहमान डकैत एक पाकिस्तानी गैंगस्टर है।

केजरीवाल ने कहा, ‘‘वे (भाजपा) मुझे गालियां देकर सत्ता में आए हैं और अगले चार साल तक वे मुझे गालियां देने के अलावा कुछ नहीं करेंगे। उन्हें न तो सरकार चलाना आता है और न ही सरकार चलाने की कोई इच्छा है।’’

भाषा

गोला नरेश

नरेश


लेखक के बारे में