नाहरगढ़ जैविक उद्यान में अब लोग जम्मू से लाये गये भालू जोड़े देख पायेंगे

नाहरगढ़ जैविक उद्यान में अब लोग जम्मू से लाये गये भालू जोड़े देख पायेंगे

नाहरगढ़ जैविक उद्यान में अब लोग जम्मू से लाये गये भालू जोड़े देख पायेंगे
Modified Date: March 26, 2026 / 10:09 pm IST
Published Date: March 26, 2026 10:09 pm IST

जयपुर, 26 मार्च (भाषा) राजस्थान के नाहरगढ़ जैविक उद्यान में बृहस्पतिवार को पर्यटकों के लिए एक नया आकर्षण जुड़ गया। जम्मू से लाए गए एक हिमालयी भालू जोड़े को आज आमजन के अवलोकन हेतु प्रदर्शित किया गया।

वन मंत्री संजय शर्मा ने बृहस्पतिवार दोपहर 12:15 बजे ‘डिस्प्ले एरिया’ का फीता काटकर औपचारिक उद्घाटन किया जिसके साथ ही दोनों भालुओं को उनके घेरे में पर्यटकों के लिए खोला गया।

उद्घाटन के साथ ही पर्यटकों में इन भालुओं को देखने को लेकर खास उत्साह नजर आया।

उद्यान प्रशासन के अनुसार नर भालू की आयु लगभग 30 माह तथा मादा भालू की आयु लगभग 21 माह है। मंत्री ने नर भालू का नाम “हरि” और मादा भालू का नाम “कमला” रखा।

कार्यक्रम के दौरान बाघ शिवाजी और बाघिन रानी के पांच शावकों का नामकरण भी किया गया। नर शावकों को “सूर्या”, “शौर्य” और “विजय” जबकि मादा शावकों को “अम्बे” और “वृंदा” नाम दिया गया।

कार्यक्रम के अंत में मंत्री एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने जैविक उद्यान परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस मौके पर अतिरिक्त मुख्य सचिव आनंद कुमार, प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन बल प्रमुख) पवन कुमार उपाध्याय, मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक के.सी.ए. वर्मा सहित वन विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।

भाषा बाकोलिया राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में