पेटा ने रूसी कलाकार से ‘गुलाबी हाथी’ वाला प्रिंट वापस लेने की अपील की

Ads

पेटा ने रूसी कलाकार से 'गुलाबी हाथी' वाला प्रिंट वापस लेने की अपील की

  •  
  • Publish Date - April 4, 2026 / 10:39 PM IST,
    Updated On - April 4, 2026 / 10:39 PM IST

जयपुर, चार अप्रैल (भाषा) पशु अधिकारों के लिए काम करने वाली संस्था पेटा इंडिया ने रूसी फोटोग्राफर जूलिया बुरुलेवा से अपील की है कि वह जयपुर में गुलाबी रंग से रंगे एक हाथी की तस्वीर के ‘कमर्शियल प्रिंट’ को वापस ले लें या फिर उससे होने वाली कमाई को भारत में हाथियों के संरक्षण के प्रयासों के लिए दान कर दें।

रूसी कलाकार ने इस फोटोशूट में जिस हथिनी का इस्तेमाल किया था उसकी मौत हो चुकी है।

पेटा इंडिया की वरिष्ठ निदेशक डॉ. मिनी अरविंदन ने एक पत्र में कहा कि यह फोटो जिसके बारे में कहा जा रहा है कि यह तीन लाख रुपये से ज़्यादा में बिक रही है, उसे या तो हटा दिया जाना चाहिए या उससे होने वाली कमाई को हाथियों के संरक्षण के लिए चलाए जा रहे मान्यता प्राप्त कार्यक्रमों में लगाया जाना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि बुरुलेवा ने जयपुर में एक हथिनी को गुलाबी रंग से रंगकर फोटोशूट किया। इसकी तस्वीरें ऑनलाइन बड़े पैमाने पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया। इन तस्वीरों से पशुओं के साथ होने वाले व्यवहार और उनके कल्याण को लेकर चिंता व्यक्त की गई है।

इस बीच, फोटोशूट में काम में ली गई हथिनी की पिछले महीने मौत हो गई। हथिनी के मालिक ने इसकी पुष्टि की है। हालांकि अधिकारियों ने कहा कि हथिनी की मौत से इस चर्चित फोटोशूट का कोई लेना-देना नहीं है।

भाषा

पृथ्वी रवि कांत