‘पेटा इंडिया’ ने विशु पर केरल के एक मंदिर को यांत्रिक हाथी दान किया
‘पेटा इंडिया’ ने विशु पर केरल के एक मंदिर को यांत्रिक हाथी दान किया
त्रिशूर (केरल), 15 अप्रैल (भाषा) ‘पेटा इंडिया’ ने अनीता डोंगरे फाउंडेशन के सहयोग से पुन्नक्कापरम्बिल श्री भद्रकाली विष्णुमाया मंदिर को एक यांत्रिक हाथी दान किया है। इस यांत्रिक हाथी को बुधवार को यहां विशु महोत्सव के तहत सार्वजनिक रूप से पेश किया गया।
डिजाइनर अनीता डोंगरे द्वारा स्थापित अनीता डोंगरे फाउंडेशन, पशु-अनुकूल फैशन को बढ़ावा देता है और इसने पीपल फॉर द एथिकल ट्रीटमेंट ऑफ एनिमल्स इंडिया (पेटा इंडिया) के साथ साझेदारी करके एक यांत्रिक हाथी दान किया है, जिसका नाम पुन्नक्कापरम्बिल महादेवन रखा गया है।
‘पेटा इंडिया’ के अनुसार, संथिगिरि आश्रम के स्वामी मधुरनाथन जनथपस्वी ने मंदिर अधिकारियों की उपस्थिति में यांत्रिक हाथी को सार्वजनिक तौर पर पेश किया।
‘पेटा इंडिया’ ने एक बयान में कहा, ‘इस यांत्रिक हाथी का उपयोग मंदिर में समारोहों को सुरक्षित और क्रूरता-मुक्त तरीके से संपन्न करने के लिए किया जाएगा, जिससे असली हाथी जंगल में अपने परिवारों के साथ रह सकेंगे।’
‘पेटा इंडिया’ ने बताया कि केरल में संगठन द्वारा दान किया गया यह 14वां यांत्रिक हाथी है और पूरे भारत में यह 25वां है।
हाथी शोभायात्रा केरल के मंदिर उत्सवों का एक अभिन्न अंग है।
भाषा अमित मनीषा
मनीषा

Facebook


