प्रधानमंत्री मोदी ने एलडीएफ और यूडीएफ पर केरल को लूटने का आरोप लगाया

प्रधानमंत्री मोदी ने एलडीएफ और यूडीएफ पर केरल को लूटने का आरोप लगाया

प्रधानमंत्री मोदी ने एलडीएफ और यूडीएफ पर केरल को लूटने का आरोप लगाया
Modified Date: March 29, 2026 / 07:38 pm IST
Published Date: March 29, 2026 7:38 pm IST

(फोटो के साथ)

पलक्कड़ (केरल), 29 मार्च (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेतृत्व वाले एलडीएफ और कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ दोनों पर रविवार को निशाना साधा और उन पर केरल को ‘‘लूटने’’ का आरोप लगाया।

मोदी ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ही राज्य की ‘‘असली ए-टीम’’ है, न कि किसी की ‘‘बी-टीम’’।

भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए मोदी ने दावा किया कि राजग केरल में अगली सरकार बनायेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘केरल में भाजपा और राजग की टीम मिलकर सरकार बनाएंगी। केरल की जनता के आशीर्वाद और आप सभी के सहयोग से हम यहां सरकार बनाएंगे और केरल की सेवा में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।’’

केरल में सत्ता में आने पर मोदी की गारंटी को पूरा करने का वादा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें राज्य में बदलते राजनीतिक माहौल का आभास हो रहा है, जो भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन के लिए बढ़ते समर्थन का संकेत है।

उन्होंने कहा, ‘‘केरल में एक अलग ही माहौल है, जो बदलाव का संदेश दे रहा है।’’

मोदी ने दावा किया कि राजग और भाजपा की समाज के विभिन्न वर्गों के बीच स्वीकार्यता बढ़ रही है। उन्होंने कहा, “अब केरल के युवाओं को भाजपा और राजग पर भरोसा है। अब केरल की महिलाओं को भाजपा और राजग से लगाव है। अब केरल के किसानों को भाजपा और राजग से प्रेम है।’’

दोनों मोर्चा पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सत्ता में आते रहे हैं और इस दौरान उन्होंने राज्य को ‘‘लूटा’’ है।

उन्होंने कहा, ‘‘उनके बीच एक व्यावहारिक समझौता रहा है – कुछ वर्षों तक एलडीएफ सरकार चलाती है और अपनी जेबें भरती है और उसके बाद यूडीएफ आती है और लूट जारी रखती है। इस व्यवस्था में केरल फंसा हुआ है।’’

उन्होंने कहा कि वामपंथी और कांग्रेस दोनों एक-दूसरे पर भाजपा की ‘‘बी-टीम’’ होने का आरोप लगाते हैं।

मोदी ने कहा, ‘‘इसका मतलब यह है कि एलडीएफ और यूडीएफ दोनों ने खुद स्वीकार किया है कि केरल के इस चुनाव में अगर कोई असली ‘ए-टीम’ है, तो वह सिर्फ और सिर्फ भाजपा ही है।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों मोर्चा डर के कारण भाजपा को निशाना बना रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘इसका मतलब यह है कि यदि ये दोनों भ्रष्ट पार्टियां किसी से डरती हैं, तो वह भाजपा है। वे भाजपा से इसलिए डरते हैं क्योंकि उनका मानना ​​है कि अगर भाजपा सत्ता में आई तो उनके सारे गलत कृत्यों का खुलासा हो जायेगा।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि एलडीएफ और यूडीएफ की सरकारें बड़े घोटालों में संलिप्त रही हैं और एक-दूसरे के खिलाफ कार्रवाई करने में विफल रही हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘यदि भाजपा की सरकार सत्ता में आती है, तो वह एलडीएफ और यूडीएफ के हर घोटाले की जांच करेगी और केरल के लोगों को न्याय दिलाएगी।’’

मोदी ने यह भी दावा किया कि कांग्रेस और वामपंथी दल देशभर के कई राज्यों में सहयोगी हैं, लेकिन केरल में वे खुद को प्रतिद्वंद्वी के रूप में पेश करते हैं।

उन्होंने कहा, “बिहार, झारखंड, आंध्र प्रदेश, मणिपुर, त्रिपुरा, असम और तमिलनाडु को देखिए-कांग्रेस और वामपंथी एक साथ हैं। लेकिन केरल में वे एक-दूसरे को गाली देते हैं। लोगों को दोनों से सावधान रहना चाहिए।’’

पिछले 10 वर्षों से राज्य में शासन कर रही वामपंथी सरकार पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि केरल का सार्वजनिक ऋण पांच लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है और पिछले एक दशक में इसमें तीन गुना से अधिक की वृद्धि हुई है।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘लोग पूछ रहे हैं कि यह पैसा कहां जा रहा है। इसका केवल एक ही जवाब है – यह एलडीएफ नेताओं की जेब में जा रहा है।’’

मोदी ने कहा कि राजग सरकार इस तरह की धनराशि की वसूली करेगी और इसका उपयोग विकास कार्यों के लिए करेगी।

केंद्रीय सहायता पर प्रकाश डालते हुए मोदी ने कहा कि केंद्र में राजग सरकार के तहत केरल को पिछली कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकारों की तुलना में काफी अधिक धनराशि प्राप्त हुई है।

पलक्कड़ के लोगों से संपर्क साधते हुए मोदी ने कलपथी मंदिर के महत्व पर प्रकाश डाला, जिसकी तुलना अक्सर काशी से की जाती है।

पार्टी ने पलक्कड़ में अपनी तेजतर्रार नेता शोभा सुरेंद्रन को उम्मीदवार बनाया है। उन्होंने कहा, ‘‘काशी से सांसद होने के नाते, यह मेरे लिए और भी खास है।’’

पलक्कड़ में विकास का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि पिछले प्रतिनिधियों के कार्यकाल में इस क्षेत्र में पर्याप्त प्रगति नहीं हुई थी। उन्होंने कहा, ‘‘केंद्र में भाजपा सरकार के सत्ता में आते ही पलक्कड़ को केरल की पहली आईआईटी मिल गई। रेलवे स्टेशनों का उन्नयन किया जा रहा है, राजमार्गों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है और यहां एक स्मार्ट औद्योगिक शहर विकसित किया जा रहा है।”

उन्होंने कहा, ‘‘विधायिका में महिलाओं की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए हमने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित किया है।’’

मोदी ने पलक्कड़ के मौजूदा विधायक राहुल ममकुटाथिल के खिलाफ लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों का भी जिक्र किया। ममकुटाथिल ने 2024 में कांग्रेस के टिकट पर उपचुनाव जीता था और हाल में कांग्रेस पार्षद से जुड़े एक ऐसे ही मामले का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा, ‘‘दूसरी ओर, कांग्रेस के शासनकाल में आपने देखा है कि उनके अपने नेता ही महिलाओं की सुरक्षा के लिए खतरा बन गये थे। कल ही कांग्रेस को एक महिला के शोषण के गंभीर आरोपों के बाद अपने एक और नेता को निष्कासित करने के लिए मजबूर होना पड़ा। इन पार्टियों की यही वास्तविकता है और केरल की महिलाओं को सतर्क रहना चाहिए।’’

पिछले विधानसभा चुनाव को याद करते हुए उन्होंने बताया कि भाजपा ने पलक्कड़ से ‘मेट्रो मैन’ ई श्रीधरन को मैदान में उतारा था, जहां वह दूसरे स्थान पर रहे थे।

उन्होंने कहा, ‘‘हम उस नतीजे से दुखी थे और पलक्कड़ के लोग भी दुखी थे।’’ उन्होंने कहा कि भाजपा ने इस बार शोभा सुरेंद्रन को उम्मीदवार बनाया है और मतदाताओं से उनकी जीत सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

भाषा

देवेंद्र नरेश

नरेश


लेखक के बारे में