दादरा और नागर हवेली केंद्र शासित प्रदेश के प्रशासक की पत्नी का निधन, प्रधानमंत्री मोदी ने शोक जताया
दादरा और नागर हवेली केंद्र शासित प्रदेश के प्रशासक की पत्नी का निधन, प्रधानमंत्री मोदी ने शोक जताया
अहमदाबाद, 22 जून (भाषा) दादरा और नागर हवेली तथा दमन और दीव के प्रशासक प्रफुल्ल पटेल की पत्नी भावनाबेन पटेल का सोमवार को मुंबई के एक अस्पताल में संक्षिप्त बीमारी के बाद निधन हो गया। परिवार के सदस्यों से यह सूचना प्राप्त हुई।
वह 63 वर्ष की थीं।
गुजरात के साबरकांठा जिले के हिम्मतनगर के रहने वाले प्रफुल्ल पटेल, दादरा और नागर हवेली तथा दमन और दीव और लक्षद्वीप केंद्र शासित प्रदेशों के प्रशासक हैं।
जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब वह राज्य सरकार में मंत्री थे।
प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि वह भावनाबेन पटेल के निधन की खबर से दुखी हैं और उन्होंने परिवार के साथ अपने लंबे जुड़ाव को याद किया।
मोदी ने कहा, ‘‘इस परिवार के साथ मेरा बरसों से नजदीकी परिचय और करीबी रिश्ता रहा है।’’
उन्होंने परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने की प्रार्थना की।
पटेल परिवार द्वारा साझा किए गए एक संदेश के अनुसार, भावनाबेन का अंतिम संस्कार सोमवार शाम हिम्मतनगर में किया जाएगा।
भाषा संतोष दिलीप
दिलीप

Facebook


