योग दिवस को वैश्विक उत्सव बनाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने दुनिया भर के लोगों का जताया आभार

योग दिवस को वैश्विक उत्सव बनाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने दुनिया भर के लोगों का जताया आभार

योग दिवस को वैश्विक उत्सव बनाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने दुनिया भर के लोगों का जताया आभार
Modified Date: June 21, 2026 / 10:29 pm IST
Published Date: June 21, 2026 10:29 pm IST

नयी दिल्ली, 21 जून (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 को ‘वास्तव में वैश्विक उत्सव’ बनाने के लिए दुनिया भर के लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि यह उत्साहजनक है कि योग स्वास्थ्य और कल्याण की साझा खोज में जीवन के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों को एक साथ ला रहा है।

संयुक्त राष्ट्र द्वारा वर्ष 2014 में मान्यता दिए जाने के बाद से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (आईडीवाई) प्रत्येक वर्ष 21 जून को दुनिया भर में मनाया जाता है।

मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘पूरी दुनिया में यादगार रूप से योग दिवस मनाया गया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 को वास्तव में वैश्विक उत्सव बनाने के लिए दुनिया भर के लोगों का आभार।’’

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘आशा है कि यह दिन आने वाले समय में अधिक से अधिक लोगों को योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करेगा।’’

प्रधानमंत्री ने 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कोलकाता के प्रतिष्ठित रेड रोड पर आयोजित एक कार्यक्रम में हजारों लोगों के साथ योग सत्र में भाग लिया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जबलपुर में आम लोगों के साथ योगासन किए। देशभर में इसी प्रकार के कई कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें केंद्रीय मंत्रियों, मुख्यमंत्रियों और राज्यपालों ने भाग लिया।

जापान की राजधानी तोक्यो के ऐतिहासिक मंदिरों से लेकर न्यूयॉर्क के प्रतिष्ठित टाइम्स स्क्वायर तक दुनिया भर के योग प्रेमी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने के लिए एकत्र हुए। इस अवसर पर स्वास्थ्य, संतुलन और समग्र कल्याण के मार्ग के रूप में योग की बढ़ती वैश्विक स्वीकार्यता की झलक देखने को मिली।

इस वर्ष का आयोजन ‘बढ़ती उम्र में योग से रहें निरोग’ विषय पर केंद्रित रहा, जिसमें जीवन के प्रत्येक चरण में शारीरिक फिटनेस, मानसिक दृढ़ता और समग्र स्वास्थ्य को बढ़ावा देने में योग की प्रासंगिकता को रेखांकित किया गया।

भाषा रवि कांत रवि कांत नरेश

नरेश


लेखक के बारे में