प्रधानमंत्री मोदी 11 मई को वडोदरा में पाटीदार छात्रों के लिए छात्रावास परिसर का उद्घाटन करेंगे

प्रधानमंत्री मोदी 11 मई को वडोदरा में पाटीदार छात्रों के लिए छात्रावास परिसर का उद्घाटन करेंगे

प्रधानमंत्री मोदी 11 मई को वडोदरा में पाटीदार छात्रों के लिए छात्रावास परिसर का उद्घाटन करेंगे
Modified Date: May 5, 2026 / 08:09 pm IST
Published Date: May 5, 2026 8:09 pm IST

वडोदरा, पांच मई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 11 मई को यहां पाटीदार समुदाय के छात्रों के लिए एक छात्रावास परिसर का उद्घाटन करेंगे। सरदार धाम ट्रस्ट ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

ट्रस्ट ने एक विज्ञप्ति में बताया कि 150 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सरदार धाम परिसर पांच लाख वर्ग फुट में फैला हुआ है और इसमें 2,000 छात्रों के रहने की व्यवस्था है।

विज्ञप्ति में बताया गया है कि मोदी 11 मई को शाम 4:30 बजे गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी की मौजूदगी में परिसर का उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम में पाटीदार समुदाय के लगभग 50,000 लोग शामिल होंगे।

इसमें कहा गया है कि अहमदाबाद में पहले से ही सरदार धाम की दो इकाइयां हैं और यह तीसरी अत्याधुनिक सुविधा होगी।

वडोदरा में इस परिसर का निर्माण 2021 में शुरू हुआ। ट्रस्ट ने कहा, ‘इस संस्था का मुख्य उद्देश्य पाटीदार समुदाय के युवाओं को सर्वांगीण विकास हासिल करने में सक्षम बनाना और उन्हें राष्ट्र के विकास में भागीदार बनाना है।’

इसमें कहा गया है कि यह परिसर आर्थिक रूप से कमज़ोर वर्गों के 2,000 युवाओं के लिए नाममात्र शुल्क पर आधुनिक छात्रावास की सुविधा उपलब्ध कराएगा।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि इसमें 278 कमरों, दो कम्युनिटी हॉल, एक अत्याधुनिक जिम, एक मेडिकल सेंटर, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष यूपीएससी स्टडी सेंटर के साथ एक पुस्तकालय भी होगा।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, ज़िला प्रशासन ने प्रधानमंत्री के दौरे की तैयारियां शुरू कर दी हैं और इस उद्देश्य के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है।

भाषा तान्या अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में