गोविंदपुरी में आग लगने की घटना से पहले इमारत में घुसती दिखी नकाबपोश महिला का पता लगा रही पुलिस

गोविंदपुरी में आग लगने की घटना से पहले इमारत में घुसती दिखी नकाबपोश महिला का पता लगा रही पुलिस

गोविंदपुरी में आग लगने की घटना से पहले इमारत में घुसती दिखी नकाबपोश महिला का पता लगा रही पुलिस
Modified Date: June 13, 2026 / 06:43 pm IST
Published Date: June 13, 2026 6:43 pm IST

नयी दिल्ली, 13 जून (भाषा) दिल्ली पुलिस शुक्रवार तड़के गोविंदपुरी में स्थित पांच मंजिला इमारत में आग लगने से कुछ मिनट पहले इमारत के अंदर जाती हुई दिखी नकाबपोश महिला का पता लगाने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

इस आग हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के तुगलकाबाद एक्सटेंशन की गली नंबर-1 में एक पार्किंग क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे में लगभग 50 सेकंड का फुटेज रिकॉर्ड हुआ है।

पुलिस ने बताया कि फुटेज में दुपट्टे से चेहरा ढके हुए एक महिला रात करीब 2 बजकर 23 मिनट पर इमारत में प्रवेश करती हुई दिखाई दी है।

पुलिस ने बताया कि कुछ ही क्षण बाद इमारत के गेट के अंदर से तेज रोशनी या चमक दिखाई दी, जिसके बाद वही महिला इमारत से बाहर निकलकर जाती हुई नजर आई है।

जांचकर्ताओं को संदेह है कि महिला का आग लगने की घटना से संबंध हो सकता है।

एक पुलिस सूत्र ने कहा, ‘फुटेज और सभी संभावित पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। महिला की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। अधिकारी आग लगने से पहले की घटनाओं के क्रम को फिर से जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं।’

हादसे में 28 वर्षीय पंकज, उनकी 70 वर्षीय नानी सुशीला देवी और 20 वर्षीय बहन सोनी की मौत हो गई।

परिवार के दो अन्य सदस्यों पंकज की 50 वर्षीय मां गुड्डी देवी और उनकी 18 वर्षीय छोटी बहन मोनी गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों का उपचार जारी है। गुड्डी देवी बोल पाने में असमर्थ हैं।

भाषा जोहेब दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में