श्रीनगर, चार मार्च (भाषा) श्रीनगर से लोकसभा सदस्य आगा सैयद रुहुल्लाह मेहदी ने बुधवार को कहा कि उनके खिलाफ दर्ज पुलिस मामला उन्हें सच बोलने से नहीं रोक सकता।
मेहदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “श्रीनगर की जनता ने अपने सांसद को सरकार द्वारा स्वीकृत शोक संदेश पढ़ने के लिए नहीं चुना है। उन्होंने उसे सच बोलने के लिए चुना है। यह जनादेश प्राथमिकी दर्ज होने से समाप्त नहीं होता।”
मंगलवार को श्रीनगर के साइबर पुलिस थाने में मेहदी के खिलाफ “भ्रामक सामग्री प्रसारित करने” के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 197(1)(डी) और 353(1)(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस के बयान में कहा गया है कि डिजिटल और सोशल मीडिया मंचों पर ‘‘झूठी, मनगढ़ंत और भ्रामक सामग्री’’ के प्रसार के आरोप में मेहदी और श्रीनगर के पूर्व महापौर जुनैद अजीम मट्टू के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं।
बयान में कहा गया है, ‘‘प्रथम दृष्टया, विचाराधीन सामग्री अपुष्ट सूचनाओं के प्रसार को दर्शाती है, जो सार्वजनिक शांति और सामाजिक सद्भाव बिगड़ने का कारण बन सकती है। गलत सूचना फैलाने के इस तरह के जानबूझकर किये गए प्रयास शांति, सुरक्षा और समग्र स्थिरता के लिए गंभीर खतरा पैदा करते हैं।’’
मेहदी अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत और अमेरिका व इजराइल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों की निंदा करते रहे हैं। उन्होंने कहा, “वही प्रशासन जो एक संप्रभु राष्ट्र के नेता की शहादत की निंदा करने का साहस नहीं जुटा सका, अब वह ऐसा करने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज करने का साहस दिखा रहा है।”
भाषा खारी अमित
अमित