हरियाणा में नगर निगम चुनाव के लिए मतदान जारी

हरियाणा में नगर निगम चुनाव के लिए मतदान जारी

हरियाणा में नगर निगम चुनाव के लिए मतदान जारी
Modified Date: May 10, 2026 / 10:03 am IST
Published Date: May 10, 2026 10:03 am IST

चंडीगढ़, 10 मई (भाषा) हरियाणा में रविवार को अंबाला, पंचकूला और सोनीपत नगर निगमों में महापौर और वार्ड पार्षदों के चुनाव के लिए मतदान जारी है।

इसके अलावा रेवाड़ी नगर परिषद में अध्यक्ष और पार्षदों के चुनाव के लिए भी मतदान हो रहा है। सांपला (रोहतक जिला), धारूहेड़ा (रेवाड़ी जिला) और उकलाना (हिसार जिला) नगर समितियों में अध्यक्ष और पार्षदों के चुनाव के लिए भी वोट डाले जा रहे हैं।

टोहाना, झज्जर, राजौंद, तरावड़ी, कनीना और साढौरा में नगर परिषदों और नगर समितियों के एक-एक वार्ड के लिए उपचुनाव भी हो रहे हैं।

सभी पदों के लिए मतदान सुबह आठ बजे शुरू हुआ, जो शाम छह बजे तक चलेगा। मतों की गिनती 13 मई को होगी।

माना जा रहा है कि नगर निकाय चुनावों में मुख्य मुकाबला कांग्रेस और सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच है।

हरियाणा राज्य निर्वाचन आयुक्त देवेंद्र सिंह कल्याण ने पहले कहा था कि आयोग आगामी निकाय चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

अधिकारियों ने बताया कि राज्य में नगर निकाय चुनाव के दौरान मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए मतदान केंद्रों पर व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

मतदान केंद्रों पर स्पष्ट संकेतक, हेल्प डेस्क, पेयजल, शौचालय और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। अधिकारियों के अनुसार, ऐसे मतदाताओं के लिए रैंप, व्हीलचेयर और अलग कतारों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है ताकि वे बिना किसी परेशानी के मतदान कर सकें।

इसके अलावा, जिन मतदान केंद्रों पर भारी भीड़ की संभावना है वहां विशेष इंतजाम किए गए हैं। कतारों के सुचारु प्रबंधन के लिए अतिरिक्त कर्मियों, वाहनों की उपलब्धता और एनसीसी तथा एनएसएस स्वयंसेवकों की सहायता ली जाएगी।

भाषा गोला राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में