प्रधानमंत्री मोदी के उत्तराखंड दौरे की तैयारियां तेज, मुख्यमंत्री धामी ने किया निरीक्षण
प्रधानमंत्री मोदी के उत्तराखंड दौरे की तैयारियां तेज, मुख्यमंत्री धामी ने किया निरीक्षण
देहरादून, 12 अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मंगलवार, 14 अप्रैल को प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया।
धामी ने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और स्वच्छता सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम राज्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान करीब 11,963 करोड़ रुपये की लागत से बने 213 किलोमीटर लंबे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करेंगे। इस एक्सप्रेसवे में 12 किलोमीटर लंबा एशिया का सबसे बड़ा वन्यजीव गलियारा भी शामिल है। इसके शुरू होने के बाद देहरादून से दिल्ली की दूरी लगभग ढाई घंटे में तय की जा सकेगी।
इसके अलावा, प्रधानमंत्री टिहरी में बने देश के पहले वेरिएबल स्पीड पंप स्टोरेज संयंत्र का भी उद्घाटन करेंगे। 1,000 मेगावाट की क्षमता वाले इस संयंत्र का निर्माण टीएचडीसी इंडिया द्वारा टिहरी जलविद्युत परियोजना परिसर में किया गया है।
दौरे के दौरान प्रधानमंत्री देहरादून में एक जनसभा को संबोधित करेंगे और उत्तर प्रदेश सीमा पर स्थित मां डाट काली मंदिर में दर्शन भी करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का उत्तराखंड से गहरा जुड़ाव है और उनके नेतृत्व में राज्य में कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं को स्वीकृति मिली है।
धामी ने बताया कि दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की योजनाएं राज्य में लागू की जा चुकी हैं, जिससे कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे में व्यापक सुधार हुआ है।
उन्होंने कहा कि चारधाम ऑलवेदर सड़क परियोजना, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, केदारनाथ और हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजना तथा देहरादून-दिल्ली एलिवेटेड रोड जैसी बड़ी परियोजनाएं राज्य के विकास को नयी दिशा दे रही हैं।
धामी ने बताया कि मुख्यमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल में यह प्रधानमंत्री मोदी का 18वां और प्रधानमंत्री बनने के बाद कुल 28वां उत्तराखंड दौरा होगा।
भाषा
दीप्ति रवि कांत

Facebook


