दिल्ली में ‘हेरिटेज वॉक’ और संगोष्ठी आयोजित करने की तैयारी
दिल्ली में 'हेरिटेज वॉक' और संगोष्ठी आयोजित करने की तैयारी
नयी दिल्ली, 18 अप्रैल (भाषा) दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) राष्ट्रीय राजधानी के प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों के जरिए शहर के विकासक्रम को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से मई से जुलाई के बीच ‘हेरिटेज वॉक’ और संगोष्ठी की एक श्रृंखला आयोजित करने की योजना बना रहा है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार ‘समर सर्किट’ के रूप में प्रस्तावित इस पहल के तहत हर महीने के पहले और तीसरे शनिवार को कार्यक्रम आयोजित किए जाने की संभावना है। तीन महीनों की अवधि में कुल छह बार सुबह-सुबह ‘हेरिटेज वॉक’ आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि बढ़ते तापमान को देखते हुए इन वॉक (पैदल यात्रा) को सुबह के समय आयोजित किए जाने की योजना है।
इन मार्गों में शहर के प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों को शामिल किए जाने की संभावना है जिनमें लालकोट, कुतुब परिसर, फिरोज शाह कोटला किला और शाहजहानाबाद के कुछ हिस्से शामिल हैं, जहां इसके शेष बचे दरवाजों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। लालकोट को दिल्ली का सबसे पुराना किलेबंद बसावट का क्षेत्र माना जाता है।
अधिकारियों ने बताया कि इस कार्यक्रम के आयोजन का निर्णय हाल ही में एमसीडी की विरासत संबंधी पहलों की समीक्षा बैठक में लिया गया।
उन्होंने कहा कि ‘हेरिटेज वॉक’ और संगोष्ठी के लिए अलग से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा, हालांकि जिन स्मारकों में प्रवेश शुल्क लागू है, वहां प्रतिभागियों को वह शुल्क देना होगा।
उन्होंने यह भी बताया कि जुलाई में प्रस्तावित एक वॉक मौर्यकालीन अवशेषों पर केंद्रित होगी, जिसमें अशोक से संबद्ध शिलालेख और स्तंभ शामिल होंगे।
नगर निगम ने इससे पहले वर्ष 2024 की सर्दियों में भी इसी तरह की हेरिटेज वॉक श्रृंखला आयोजित की थी, जिसमें कुतुब मीनार क्षेत्र सहित शहर के मध्यकालीन बसावट क्षेत्रों को कवर किया गया था।
‘हेरिटेज वॉक’ एक निर्देशित या स्व-निर्देशित पैदल यात्रा है जिसका उद्देश्य किसी विशिष्ट क्षेत्र के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और स्थापत्य महत्व का पता लगाना है, आमतौर पर पुराने शहरों, स्मारकों या आवासीय क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करना। ये पैदल यात्राएं स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देती हैं, प्रतिभागियों को शिक्षित करती हैं तथा अतीत और सामुदायिक जीवन की एक अंतरंग झलक पेश करती हैं।
भाषा रवि कांत रवि कांत रंजन
रंजन

Facebook


