राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी से फोन पर बात की, पश्चिम एशिया संकट के बारे में जानकारी दी

राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी से फोन पर बात की, पश्चिम एशिया संकट के बारे में जानकारी दी

राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी से फोन पर बात की, पश्चिम एशिया संकट के बारे में जानकारी दी
Modified Date: April 14, 2026 / 10:13 pm IST
Published Date: April 14, 2026 10:13 pm IST

नयी दिल्ली, 14 अप्रैल (भाषा) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से फोन पर बातचीत की, जिस दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों में हुई “महत्वपूर्ण प्रगति” का जायजा लिया। भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने यह जानकारी दी।

गोर ने कहा कि भारत और अमेरिका के ऊर्जा सहित अन्य क्षेत्रों में जल्द कुछ “बड़े” सौदों पर दस्तखत करने की उम्मीद है।

उन्होंने कुछ चुनिंदा संवाददाताओं के समूह को बताया कि फोन पर हुई लगभग 40 मिनट की बातचीत में ट्रंप ने मोदी को पश्चिम एशिया की स्थिति के बारे में जानकारी दी।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उन्हें राष्ट्रपति ट्रंप का फोन आया था और बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया की स्थिति पर चर्चा की तथा होर्मुज जलडमरूमध्य को “खुला एवं सुरक्षित” रखने के महत्व पर जोर दिया।

मोदी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “मुझे मेरे मित्र राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का फोन आया था। हमने विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग में हासिल की गई महत्वपूर्ण प्रगति की समीक्षा की।”

उन्होंने लिखा, “हम सभी क्षेत्रों में अपनी व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमने पश्चिम एशिया की स्थिति पर भी चर्चा की और होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला एवं सुरक्षित रखने के महत्व पर जोर दिया।”

यह ट्रंप और मोदी के बीच इस साल फोन पर हुई तीसरी बातचीत थी। वहीं, अमेरिका और ईरान के बीच पाकिस्तान में हाल में हुई शांति वार्ता के बाद यह दोनों नेताओं की पहली बातचीत थी।

ट्रंप और मोदी ने दो फरवरी को एक व्यापार समझौते में हुई प्रगति की घोषणा करने और 24 मार्च को पश्चिम एशिया की स्थिति पर चर्चा करने के लिए फोन पर बातचीत की थी।

गोर के मुताबिक, बातचीत के अंत में ट्रंप ने मोदी से कहा, “मैं बस आपको यह बताना चाहता हूं कि हम सब आपसे प्यार करते हैं।”

अमेरिकी राजदूत ने कहा कि नयी दिल्ली और वाशिंगटन के बीच “आने वाले दिनों में” ऊर्जा सहित विभिन्न क्षेत्रों में कुछ बड़े सौदे होने की उम्मीद है। हालांकि, उन्होंने इन सौदों के बारे में विस्तार से बताने से इनकार कर दिया।

ट्रंप और मोदी के बीच यह बातचीत विदेश सचिव विक्रम मिसरी के वाशिंगटन की अपनी तीन दिवसीय यात्रा संपन्न करने के दो दिन बाद हुई है।

दोनों देश अनिश्चितता और तनाव के लंबे दौर के बाद अपने संबंधों को स्थिर करने की दिशा में काम कर रहे हैं।

ट्रंप के रूसी कच्चे तेल की खरीद के विरोध में भारतीय वस्तुओं के आयात पर भारी ‘टैरिफ’ लगाने और पिछले साल मई में भारत-पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष रुकवाने में वाशिंगटन की भूमिका को लेकर विवादित दावे करने के बाद दोनों देशों के रिश्तों में तनाव बढ़ गया था।

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो अगले महीने भारत की यात्रा पर आएंगे। इस दौरान वह विदेश मंत्री एस जयशंकर और सरकार के अन्य पदाधिकारियों के साथ व्यापक वार्ता करेंगे।

भाषा पारुल नरेश

नरेश


लेखक के बारे में