प्रधानमंत्री मोदी बुधवार को जल शक्ति मंत्रालय के सम्मेलन में शामिल होंगे
प्रधानमंत्री मोदी बुधवार को जल शक्ति मंत्रालय के सम्मेलन में शामिल होंगे
(फाइल फोटो के साथ)
नयी दिल्ली, एक सितंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बुधवार को यहां जल शक्ति मंत्रालय के विभागीय सम्मेलन के समापन सत्र में शामिल होंगे। इस दौरान अहम क्षेत्र से जुड़ी प्राथमिकताओं समेत कई मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, दो दिवसीय विभागीय शिखर सम्मेलन, प्रधानमंत्री द्वारा परिकल्पित विभागीय शिखर सम्मेलनों की श्रृंखला में पहला है। इसका उद्देश्य ‘टीम इंडिया’ की भावना को मजबूत करना, सहकारी संघवाद को प्रगाढ़ करना और केंद्र एवं राज्यों के बीच घनिष्ठ सहयोग के माध्यम से राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के सामूहिक स्वामित्व को बढ़ावा देना है।
यह पहल महत्वपूर्ण क्षेत्रीय प्राथमिकताओं पर संयुक्त रूप से विचार-विमर्श करने और कार्यान्वयन एवं परिणामों में तेजी लाने के लिए एक सुव्यवस्थित मंच प्रदान करती है।
बयान के अनुसार, सम्मेलन में केंद्र और राज्य सरकारों के राजनीतिक नेतृत्व और वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। वे प्रमुख प्राथमिकताओं पर विचार-विमर्श करेंगे, सर्वोत्तम प्रणालियों को साझा करेंगे और कार्यान्वयन संबंधी चुनौतियों का समाधान करने के साथ ही समयबद्ध कार्य योजनाएं भी तैयार करेंगे।
इस पहल का उद्देश्य राष्ट्रीय लक्ष्यों के लिए साझा जिम्मेदारी को बढ़ावा देना और यह सुनिश्चित करना है कि विचार-विमर्श से शासन और सेवा वितरण में मापने योग्य सुधार हो।
सम्मेलन चार प्रमुख क्षेत्रों पर केंद्रित होगा, जिनमें जल अवसंरचना परियोजनाओं का समय पर कार्यान्वयन, जल संचय जन भागीदारी – ‘कैच द रेन,’ पेयजल प्रणालियों की स्रोत स्थिरता और जल जीवन मिशन के दूसरे चरण के अंतर्गत ग्रामीण पेयजल आपूर्ति योजनाओं का संचालन एवं रखरखाव शामिल हैं।
भाषा सुभाष पवनेश
पवनेश

Facebook


