उदयपुर में ट्रेलर से टकराई निजी बस, तीन की मौत; 10 अन्य घायल

उदयपुर में ट्रेलर से टकराई निजी बस, तीन की मौत; 10 अन्य घायल

उदयपुर में ट्रेलर से टकराई निजी बस, तीन की मौत; 10 अन्य घायल
Modified Date: August 26, 2026 / 09:10 pm IST
Published Date: August 26, 2026 9:10 pm IST

जयपुर, 26 अगस्त (भाषा) राजस्थान के उदयपुर जिले में बुधवार को एक तेज रफ्तार निजी बस ओवरटेक करने के प्रयास में ट्रेलर ट्रक से टकरा गई जिससे तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार हादसा खेरोदा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर हुआ और बस में करीब 35 यात्री सवार थे।

खेरोदा थानाधिकारी परमेश्वर पाटीदार ने बताया कि बस चित्तौड़गढ़ जिले के मंगलवाड़ से उदयपुर की ओर जा रही थी। उन्होंने बताया कि रास्ते में ट्रेलर को ओवरटेक करने के प्रयास में बस उससे टकरा गई।

पुलिस ने बताया कि हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई और मृतकों में उदयपुर के पहाड़ा निवासी बंशीलाल टेलर और शोभागपुरा निवासी भगवानलाल डांगी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि तीसरी मृतक महिला है जिसकी पहचान अभी नहीं हो सकी है।

पुलिस ने बताया कि हादसे में 10 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई गई है।

पुलिस ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस और हाईवे गश्ती दल मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस व निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने बताया कि हादसे के कारण राजमार्ग पर जाम लग गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

भाषा बाकोलिया अमित

अमित


लेखक के बारे में