निजी कंपनी के बिक्री निदेशक ने यातायात पुलिसकर्मी को मारी टक्कर, गिरफ्तार
निजी कंपनी के बिक्री निदेशक ने यातायात पुलिसकर्मी को मारी टक्कर, गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 13 जून (भाषा) सराय जुलेना में यातायात नियम तोड़ने पर रुकने के लिए कहे जाने के बाद, एक निजी कंपनी के बिक्री निदेशक को अपनी स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) से यातायात पुलिसकर्मी को टक्कर मारने और भागने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
अपराध शाखा ने दो दिन की तलाश के बाद 12 जून को जामिया नगर के रहने वाले 31 साल के आरोपी मोहम्मद मुबस्सिर अब्बास को गिरफ्तार किया।
अधिकारियों ने बताया कि घटना में इस्तेमाल की गई एसयूवी भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस ने बताया कि यह घटना 10 जून को पूर्वाह्न करीब 9:45 बजे हुई, जब न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी के यातायात सर्कल के हेड कॉन्स्टेबल राहुल कुमार सराय जुलेना लाल बत्ती पर यातायात नियंत्रण कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार, जामिया नगर की तरफ से एक काली एसयूवी तेज रफ्तार में सड़क की गलत साइड पर आती हुई देखी गई।
जब राहुल कुमार ने ड्राइवर को रुकने का इशारा किया, तो आरोपी ने कथित तौर पर गाड़ी की रफ्तार बढ़ाई, ट्रैफिक पुलिसकर्मी को टक्कर मारी और माता मंदिर मार्ग की ओर भाग गया।
साथी पुलिसकर्मी घायल हेड कॉन्स्टेबल को फोर्टिस अस्पताल ले गए।
उनके बयान और चिकित्सा जांच के आधार पर, पुलिस ने न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता और मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई इस घटना ने सोशल मीडिया पर काफी ध्यान खींचा और लोगों में इसे लेकर काफी आक्रोश है।
जांचकर्ताओं ने एसयूवी के मार्ग में पड़ने वाली कई जगहों के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया और आरोपी की पहचान करने के लिए तकनीकी और मानवीय खुफिया जानकारी जुटाई।
पुलिस ने बताया कि अब्बास ने गिरफ़्तारी से बचने के लिए लगातार अपनी जगह बदली और बार-बार अपना मोबाइल फ़ोन चालू-बंद किया। हालांकि, जांचकर्ताओं ने उसका पता लगा लिया और बृहस्पतिवार को क्नॉट प्लेस में उसके काम की जगह से उसे पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान, आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह क्नॉट प्लेस स्थित अपने कार्यस्थल जा रहा था और उसे देर हो रही थी। सराय जुलेना के पास भारी यातायात जाम से बचने के लिए उसने सड़क की गलत तरफ गाड़ी चलाने का फैसला किया।
भाषा प्रशांत दिलीप
दिलीप

Facebook


