जनता की भावना अन्नाद्रमुक के फिर से सत्ता में आने के पक्ष में है : सांसद थंबीदुरई
जनता की भावना अन्नाद्रमुक के फिर से सत्ता में आने के पक्ष में है : सांसद थंबीदुरई
चेन्नई, आठ मई (भाषा) अन्नाद्रमुक सांसद एम. थंबीदुरई ने शुक्रवार को कहा कि तमिलनाडु में जनता की भावना अन्नाद्रमुक के फिर से सत्ता में आने के पक्ष में है और उन्होंने उम्मीद जतायी कि ‘‘ईश्वर की कृपा’’ से उनकी पार्टी फिर से सरकार बनाएगी।
चिर प्रतिद्वंद्वी द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के साथ चुनाव बाद गठबंधन की अटकलों पर टिप्पणी करने से इनकार करते हुए उन्होंने कहा कि वह इतना जरूर कह सकते हैं कि जनता की भावना अन्नाद्रमुक के सत्ता में लौटने के पक्ष में है।
थंबीदुरई ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘यही भावना है… जनता चाहती है कि अन्नाद्रमुक सत्ता में आए। जब भी मेरे नेता एडप्पाडी के. पलानीस्वामी लोगों से मिलने गए, जनता ने अपनी भावनाएं व्यक्त कीं… ईश्वर की कृपा से समय आने पर ऐसा हो सकता है।’’
वरिष्ठ नेता ने संकेत दिया कि समय के साथ स्थिति स्पष्ट हो जाएगी और उन्हें उम्मीद है कि अच्छी चीजें होंगी। उन्होंने कहा, ‘‘मेरी पार्टी, मेरे नेता फिर से सत्ता में आएंगे।’’
राज्य में 23 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव में तीसरे स्थान पर रही अन्ना द्रमुक को 234 सदस्यीय विधानसभा में केवल 47 सीटें मिलीं, जबकि तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के नेता विजय की पार्टी ने 108 सीटें जीतीं। द्रमुक को 59 सीटें मिलीं। कोई भी राजनीतिक दल अपने दम पर सरकार बनाने के लिए आवश्यक साधारण बहुमत हासिल नहीं कर सका।
त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति के बीच गठबंधन की अटकलों को और हवा देते हुए तथा अपने नवनिर्वाचित विधायकों को एकजुट रखने के उद्देश्य से अन्नाद्रमुक नेतृत्व ने उन्हें पड़ोसी केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी के एक रिसॉर्ट में ठहराया है।
भाषा गोला रंजन
रंजन

Facebook


