पंजाब के फरीदकोट में बस नाले में गिरी, पांच यात्रियों की मौत
पंजाब के फरीदकोट में बस नाले में गिरी, पांच यात्रियों की मौत
चंडीगढ़, 18 फरवरी (भाषा) पंजाब के फरीदकोट जिले में मंगलवार की सुबह एक निजी बस के नाले में गिर जाने से कम से कम पांच यात्रियों की मौत हो गई और 24 से अधिक यात्री घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
हादसा फरीदकोट-कोटकपूरा मार्ग पर सुबह करीब आठ बजे हुआ जब 36 यात्रियों को लेकर बस मुक्तसर से अमृतसर जा रही थी।
अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया जिसके कारण बस 10 फुट ऊंचे पुल से नीचे नाले में गिर गई।
कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि बस पहले एक ट्रक से टकराई और फिर नाले में गिर गई।
फरीदकोट की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रज्ञा जैन ने फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि इस घटना में पांच लोगों की मौत हो गई है।
उन्होंने कहा कि 26 यात्रियों को फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायलों में से दो को अमृतसर के अन्य अस्पताल में रेफर किया गया है। घायलों में से एक ने अपना हाथ गंवा दिया है।
अस्पताल में एक हेल्प-डेस्क स्थापित किया गया है।
भाषा सुरभि मनीषा
मनीषा

Facebook


