पंजाब: ‘आप’ और भाजपा ने कांग्रेस में समितियों के गठन पर चुटकी ली
पंजाब: ‘आप’ और भाजपा ने कांग्रेस में समितियों के गठन पर चुटकी ली
चंडीगढ़, दो जुलाई (भाषा) पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) और विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस में विभिन्न समितियों के गठन की घोषणा के बाद बृहस्पतिवार को कहा कि पार्टी में सब कुछ ठीक नहीं है।
कांग्रेस ने बुधवार को अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष के पद पर बनाए रखने का फैसला किया। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर से सांसद चरणजीत सिंह चन्नी को चुनाव अभियान समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
पार्टी ने पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के पद पर भी कोई बदलाव नहीं किया। यह पद फिलहाल वरिष्ठ नेता और कादियां से विधायक प्रताप सिंह बाजवा के पास है।
गुरदासपुर से सांसद और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा को कोर कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है।
पार्टी ने 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले गुटबाजी को रोकने के प्रयास के तहत कई नेताओं को अलग-अलग समितियों में जगह दी है।
चन्नी और रंधावा को पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद का दावेदार माना जा रहा था।
इन नियुक्तियों पर प्रतिक्रिया देते हुए ‘आप’ के नेता और मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि कांग्रेस नेताओं चन्नी और रंधावा ने अपनी नियुक्तियों के लिए पार्टी नेतृत्व को धन्यवाद देने वाला कोई बयान या संदेश जारी नहीं किया है।
बैंस ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘महत्वाकांक्षाएं गहरी मिट्टी में दब गईं। चन्नी साहब, रंधावा साहब, ‘न कोई बयान, न जश्न, न धन्यवाद।’ ऐसा लगता है कि उनके लिए ‘दिल के अरमान आंसुओं में बह गए।”
उन्होंने कहा, “2027 में एक बार फिर भगवंत मान।”
केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस ने एक गंभीर और प्रभावी संगठन बनाने के बजाय पार्टी में सभी को ‘लॉलीपॉप’ बांट दिए हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पहले कभी इतनी बड़ी संगठनात्मक सूची जारी नहीं की थी।
पंजाब भाजपा के नेता प्रीतपाल सिंह बलियावाल ने भी तंज कसते हुए पूछा, ‘क्या कल जारी कांग्रेस की सूची से सभी खुश हैं? क्योंकि कई नेताओं ने अभी तक अपनी नयी जिम्मेदारियों के लिए पार्टी आलाकमान को धन्यवाद भी नहीं दिया।’
भाषा जोहेब अविनाश
अविनाश

Facebook


