पंजाब विधानसभा ने ‘आत्महत्या’ करने वाले नीट अभ्यर्थियों को दी श्रद्धांजलि

Ads

पंजाब विधानसभा ने ‘आत्महत्या’ करने वाले नीट अभ्यर्थियों को दी श्रद्धांजलि

  •  
  • Publish Date - August 3, 2026 / 03:42 PM IST,
    Updated On - August 3, 2026 / 03:42 PM IST

चंडीगढ़, तीन अगस्त (भाषा) पंजाब विधानसभा ने कथित प्रश्नपत्र लीक के बाद आत्महत्या करने वाले नीट अभ्यर्थियों को सोमवार को श्रद्धांजलि दी।

पंजाब विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन सदन के अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां ने कहा कि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) कथित प्रश्नपत्र लीक घटना के बाद जो हालात बने, उसमें कई छात्रों ने आत्महत्या कर ली।

सदन ने उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

संधवां ने केंद्र से अपनी प्रणाली को मजबूत करने का अनुरोध किया, ताकि कोई युवा भविष्य में इस तरह से अपनी जान न गंवाये।

नीट की तैयारी करने वाले छात्रों की आत्महत्या का मुद्दा अध्यक्ष द्वारा उठाए जाने के बाद भाजपा विधायक अश्विनी शर्मा ने पूछा कि राज्य सरकार अपनी ‘‘गलतियां’’ कब स्वीकार करेगी। उनका इशारा पंजाब में कथित प्रश्नपत्र लीक की ओर था।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने हाल में कहा था कि नीट प्रश्नपत्र लीक के बाद देश में 22 छात्रों ने आत्महत्या कर ली। उन्होंने सवाल किया, ‘‘क्या (उनके) परिवारों को दिया जाने वाला कोई भी मुआवजा उन बच्चों को वापस ला सकता है?’’

आत्महत्या करने वाले नीट छात्रों को सोमवार को विधानसभा में श्रद्धांजलि देते हुए बहुजन समाज पार्टी (बसपा) विधायक नछत्तर पाल ने सदन से मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा, कथित पुलिस मुठभेड़ों में जान गंवाने वाले लोगों और पंजाब में आतंकवाद के दौर में बसों से खींचकर बाहर निकालकर मार डाले गए लोगों को श्रद्धांजलि देने का आग्रह किया।

सदन ने ओलंपिक खिलाड़ी रणधीर सिंह को भी श्रद्धांजलि दी। उनका मई में निधन हो गया था।

इसके अलावा, विधानसभा सदस्यों ने पूर्व विधायक साहिब राम बिश्नोई, शहीद सरबजीत सिंह और स्वतंत्रता सेनानी सेवा सिंह को भी याद किया।

दिवंगत लोगों के सम्मान में, सदन में दो मिनट का मौन भी रखा गया।

भाषा सुभाष नरेश

नरेश