पंजाब: मादक पदार्थ के खिलाफ अभियान में 319 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क
पंजाब: मादक पदार्थ के खिलाफ अभियान में 319 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क
चंडीगढ़, 19 जुलाई (भाषा) मादक पदार्थ के खिलाफ पंजाब पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सबसे बड़े अभियान ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ के तहत अब तक तस्करों की कुल 319 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की गयी और 68 हजार से अधिक तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने रविवार को बताया कि अभियान शुरू होने के बाद 500 दिन की अवधि के दौरान मादक पदार्थों की तस्करी पर कई बड़े प्रहार किये गए हैं।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया, “एक मार्च 2025 को अभियान शुरू होने के बाद से पंजाब पुलिस ने स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत 52,432 प्राथमिकी दर्ज की और 68,850 से अधिक तस्करों को गिरफ्तार किया। इनमें 629 बड़े तस्कर भी शामिल हैं, जिनमें से प्रत्येक के पास से दो किलोग्राम से अधिक हेरोइन बरामद हुई। बरामद हेरोइन का कुल मूल्य करीब 12 करोड़ रुपये है।”
स्वापक रोधी कार्यबल (एएनटीएफ) के प्रमुख एवं अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक नीलाभ किशोर ने बताया, “अभियान के दौरान तस्करों की 319 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियां कुर्क की गई हैं। मादक पदार्थों के कारोबार से अर्जित धन से सरकारी जमीन पर बनाए गए अवैध ढांचों को भी ध्वस्त किया गया है।’’
भाषा जितेंद्र सुभाष
सुभाष

Facebook


