पंजाब: कांग्रेस ने मुख्यमंत्री और सभी विधायकों के डोप परीक्षण की मांग की
पंजाब: कांग्रेस ने मुख्यमंत्री और सभी विधायकों के डोप परीक्षण की मांग की
चंडीगढ़, एक मई (भाषा) कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने शुक्रवार को पंजाब विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवान को पत्र लिखकर मुख्यमंत्री भगवंत मान और सभी विधायकों के ‘अल्कोमीटर’ एवं डोप परीक्षण की मांग की।
नेता प्रतिपक्ष बाजवा ने लिखा, “कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की ओर से मैं इस गंभीर मामले की ओर आपका ध्यान आकर्षित करना चाहता हूं, जो इस सदन की गरिमा और मर्यादा को प्रभावित कर रहा है।”
अध्यक्ष संधवान ने हालांकि बाद में कांग्रेस विधायकों की इस मांग को खारिज कर दिया।
बाजवा ने पत्र में कहा कि विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान शुक्रवार को कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा द्वारा उठाए गए एक मुद्दे ने मुख्यमंत्री के आचरण को लेकर गंभीर चिंताएं उत्पन्न कर दी हैं।
बाजवा ने लिखा, “माननीय मुख्यमंत्री, सदस्य (सुखपाल खैरा) द्वारा लगाए गए आरोपों का जवाब दिए बिना सदन से बाहर निकल गये। ये बेहद चिंताजनक हैं और अगर इनपर ध्यान नहीं दिया गया तो इस प्रतिष्ठित संस्था में जनता का विश्वास खतरे में पड़ सकता है।”
उन्होंने कहा कि इस मुद्दे की गंभीरता और तात्कालिकता को देखते हुए बिना किसी देरी के सुधारात्मक कदम उठाना अनिवार्य है।
इस संबंध में, कांग्रेस दल के नेता और पार्टी के सभी विधायकों ने सदन में मुख्यमंत्री सहित उपस्थित सभी सदस्यों का एक घंटे के भीतर अनिवार्य रूप से अल्कोमीटर परीक्षण सहित एक समान एवं पारदर्शी प्रोटोकॉल को तुरंत लागू करने की मांग की।
उन्होंने सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के सभी विधायकों का बिना किसी अपवाद के डोपिंग परीक्षण कराने की भी मांग की थी।
भाषा जितेंद्र सुरेश
सुरेश

Facebook


