पंजाब सरकार ने उल्लेखनीय कार्य करने वाले चिकित्सकों को सम्मानित किया
पंजाब सरकार ने उल्लेखनीय कार्य करने वाले चिकित्सकों को सम्मानित किया
चंडीगढ़, दो जुलाई (भाषा) पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने ‘राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस’ के उपलक्ष्य में बृहस्पतिवार को आयोजित राज्यस्तरीय पुरस्कार समारोह में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले सरकारी और निजी क्षेत्रों के 59 चिकित्सकों को सम्मानित किया।
यह सम्मान पंजाब सरकार द्वारा चिकित्सकों को उनकी बेहतरीन सेवाओं के लिए सम्मानित करने के उद्देश्य से शुरू की गई अपनी तरह की पहली नीति के तहत दिया गया।
इस नीति के तहत, राज्य स्वास्थ्य विभाग राजकीय चिकित्सा महाविद्यालयों और निजी क्षेत्र के बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले चिकित्सकों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित करता है।
बलबीर सिंह ने चिकित्सक दिवस के अवसर पर सभी चिकित्सकों को बधाई देते हुए पंजाब इंस्टिट्यूट ऑफ लिवर एंड बिलियरी साइंसेज (पीआईएलबीएस) के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह के योगदान का विशेष रूप से जिक्र किया।
उन्होंने इस कार्यक्रम के दौरान पूरे चिकित्सा समुदाय की सराहना करते हुए चिकित्सकों को वैश्विक स्तर पर आदर्श करार दिया।
मंत्री ने कहा कि चाहे कोई भी मुश्किल आए – जैसे बाढ़, कोविड-19 या कोई और आपदा – चिकित्सक हमेशा लोगों की सेवा के लिए सबसे आगे रहते हैं।
उन्होंने कोविड जैसे मुश्किल समय में भी हर मरीज़ का प्यार और देखभाल के साथ इलाज करने के लिए चिकित्सकों को धन्यवाद दिया।
भाषा धीरज नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


