पंजाब के राज्यपाल ने फाजिल्का सीमा पर बीएसएफ पोस्ट का दौरा किया

पंजाब के राज्यपाल ने फाजिल्का सीमा पर बीएसएफ पोस्ट का दौरा किया

पंजाब के राज्यपाल ने फाजिल्का सीमा पर बीएसएफ पोस्ट का दौरा किया
Modified Date: August 23, 2026 / 10:18 pm IST
Published Date: August 23, 2026 10:18 pm IST

चंडीगढ़, 23 अगस्त (भाषा) पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने रविवार को फाजिल्का सीमा पर स्थित बीएसएफ की मौजम बेस सीमा चौकी का दौरा किया। उन्होंने आसफवाला युद्ध स्मारक भी जाकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी और युवा पीढ़ी से शहीदों के सपनों को पूरा करने तथा राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

सीमा चौकी के दौरे के दौरान कटारिया ने जवानों से बातचीत की और उन्हें फलों की टोकरी तथा मिठाइयां भेंट कीं। उन्होंने इस दौरान एक पौधा भी लगाया।

कटारिया ने प्रभावी तरीके से सीमा की सुरक्षा करने के लिए बीएसएफ की सराहना की और कहा कि जवानों को कठिन परिस्थितियों और चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। बीएसएफ के अबोहर सेक्टर के डीआईजी सुकुमार सारंगी ने उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया।

कटारिया ने हिंदी में सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “आज फाजिल्का सीमा पर बीएसएफ की मौजम बेस सीमा चौकी का दौरा किया और हमारे बहादुर जवानों से बातचीत की। मैं उनके साहस, समर्पण और कर्तव्य के प्रति प्रतिबद्धता को नमन करता हूं…।”

फाजिल्का स्थित आसफवाला युद्ध स्मारक पर उन्होंने शहीदों को श्रद्धांजलि दी और कहा कि वे देश का गौरव और अनमोल धरोहर हैं।

उन्होंने कहा, “उनके बलिदान की वजह से ही आज नागरिक उस स्वतंत्रता का आनंद ले रहे हैं, जो हमें मिली है।”

भाषा राखी नरेश

नरेश


लेखक के बारे में