निवेशकों के अनुकूल माहौल बनाने में विफल रही पंजाब सरकार: भाजपा नेता ढिल्लों
निवेशकों के अनुकूल माहौल बनाने में विफल रही पंजाब सरकार: भाजपा नेता ढिल्लों
चंडीगढ़, 19 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने रविवार को आरोप लगाया कि नीति आयोग के निवेश अनुकूलता सूचकांक 2026 ने राज्य की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार की पोल खोल दी है। उन्होंने दावा किया कि सूचकांक में पंजाब की रैंकिंग सरकार की निवेशकों के अनुकूल माहौल बनाने में विफलता को दर्शाती है।
रिपोर्ट का हवाला देते हुए ढिल्लों ने दावा किया कि इस सूचकांक में 28 राज्यों और आठ केंद्र शासित प्रदेशों में पंजाब 22वें स्थान पर रहा। उन्होंने कहा कि यह आप सरकार के उन दावों के विपरीत है, जिनमें वह निवेशक सम्मेलनों और समझौता ज्ञापनों (एमओयू) के माध्यम से बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित करने की बात करती रही है।
उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘अभूतपूर्व औद्योगिक विकास की सरकार की कहानी पूरी तरह विफल हो गई है। प्रचार पर भारी खर्च करने के बावजूद पंजाब निवेशकों के लिए आकर्षक गंतव्य नहीं बन पाया है।’’
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि ‘‘अरविंद केजरीवाल-भगवंत मान सरकार’’ ने औद्योगिक विकास की तुलना में विज्ञापनों और राजनीतिक प्रचार पर अधिक ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उद्योगों का उस स्तर पर विस्तार नहीं हुआ, जैसा वादा किया गया था, रोजगार के अवसर नहीं बढ़े और पंजाब में निवेशकों का भरोसा कमजोर हुआ है।
ढिल्लों ने कहा कि कभी अग्रणी औद्योगिक और उद्यमशील राज्य के रूप में पहचाने जाने वाले पंजाब को नीतिगत पंगुता, खराब होती कानून-व्यवस्था और स्थिर निवेश माहौल उपलब्ध कराने में सरकार की विफलता के कारण नुकसान उठाना पड़ा है।
उन्होंने कहा कि नये निवेश आकर्षित करने और रोजगार पैदा करने के लिए राज्य को पारदर्शी एवं उद्योग हितैषी नीतियों, बेहतर बुनियादी ढांचे, कारोबार सुगमता और मजबूत कानून-व्यवस्था की जरूरत है।
उन्होंने कहा, ‘‘पंजाब के लोग आर्थिक विकास, रोजगार और वास्तविक विकास चाहते हैं, न कि प्रचार अभियान। नारे और विज्ञापन प्रदर्शन की जगह नहीं ले सकते।’’
ढिल्लों ने भगवंत मान सरकार से अपना रुख बदलने का आग्रह करते हुए कहा कि नीति स्थिरता, औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन सुनिश्चित करके पंजाब की निवेश गंतव्य के रूप में साख बहाल करने के लिए कदम उठाए जाने चाहिए।
वहीं, आप सरकार लगातार यह कहती रही है कि उसने अपनी औद्योगिक नीतियों और निवेशक पहुंच अभियानों के माध्यम से बड़े पैमाने पर निवेश प्रस्ताव आकर्षित किए हैं।
भाषा अमित दिलीप
दिलीप

Facebook


