पंजाब: लोकसभा सदस्य कंग ने भाजपा में शामिल होने वाले राज्यसभा सांसदों की आलोचना की

पंजाब: लोकसभा सदस्य कंग ने भाजपा में शामिल होने वाले राज्यसभा सांसदों की आलोचना की

पंजाब: लोकसभा सदस्य कंग ने भाजपा में शामिल होने वाले राज्यसभा सांसदों की आलोचना की
Modified Date: April 27, 2026 / 04:14 pm IST
Published Date: April 27, 2026 4:14 pm IST

चंडीगढ़, 27 अप्रैल (भाषा) पंजाब के आनंदपुर साहिब से आम आदमी पार्टी के लोकसभा सदस्य मलविंदर सिंह कंग ने सोमवार को भाजपा में शामिल हुए सात राज्यसभा सदस्यों की कड़ी आलोचना करते हुए उन पर उस पार्टी के साथ “विश्वासघात” करने का आरोप लगाया जिसने उन्हें “बहुत सम्मान दिया”।

कंग ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी के विधायक मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ मजबूती से खड़े हैं।

राज्यसभा के सात सदस्यों द्वारा आम आदमी पार्टी छोड़ने के बारे में पूछे गए एक सवाल का जवाब देते हुए कंग ने कहा कि वे अपने “निजी हितों” के लिए भाजपा में शामिल हुए हैं।

आप नेता ने कहा, “हमें लगता है कि उनके निजी स्वार्थ थे। उनमें से कुछ प्रवर्तन निदेशालय जैसी केंद्रीय एजेंसियों से डरे हुए थे। उन्होंने अपने कारोबार को बचाने के लिए पाला बदल लिया।”

एक अन्य प्रश्न के उत्तर में कंग ने कहा, “पंजाब के विधायक भगवंत मान के साथ मजबूती से खड़े हैं और आम आदमी पार्टी राज्य के लोगों की सेवा करना जारी रखेगी।”

चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल ने 24 अप्रैल को घोषणा की कि वे पार्टी के चार अन्य सांसदों के साथ भाजपा में शामिल हो रहे हैं। आम आदमी पार्टी छोड़ने वाले अन्य सदस्य हरभजन सिंह, राजिंदर गुप्ता, स्वाति मालीवाल और विक्रमजीत साहनी हैं।

भाजपा में शामिल होने वाले सात सांसदों में से छह पंजाब से हैं।

राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन ने सोमवार को आधिकारिक तौर पर आम आदमी पार्टी के सात सांसदों के भाजपा में विलय को स्वीकार कर लिया जिससे उच्च सदन में अरविंद केजरीवाल की पार्टी के सदस्यों की संख्या घटकर तीन रह गई।

भाषा

प्रशांत नरेश

नरेश


लेखक के बारे में