पंजाब के मंत्री ने फरीदकोट में 50 करोड़ रुपये से ज़्यादा की परियोजनाओं का उद्घाटन किया
पंजाब के मंत्री ने फरीदकोट में 50 करोड़ रुपये से ज़्यादा की परियोजनाओं का उद्घाटन किया
फरीदकोट, 24 जून (भाषा) पंजाब के जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने बुधवार को फ़रीदकोट विधानसभा क्षेत्र में 50 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कई सिंचाई और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन किया।
फरीदकोट से विधायक गुरदित सिंह सेखों के साथ मंत्री ने दो नवनिर्मित स्टील से बने पुलों और कई सिंचाई परियोजनाओं का लोकार्पण किया।
गोयल ने तलवंडी रोड पर राजस्थान फीडर नहर और फरीदकोट–कोटकपुरा रोड पर सरहिंद फीडर नहर पर स्टील से बने पुलों का उद्घाटन किया।
इन नये पुलों की लागत 38.16 करोड़ रुपये है और इनमें 7.5 मीटर चौड़ा कैरिजवे (वाहनों के चलने की जगह) और दोनों ओर पैदल पथ बनाए गए हैं।
इसके बाद गोयल ने हसन भट्टी गांव में नहर से पानी निकालने के लिए बनाए गए एक मुख्य नाले का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने पूरे चुनाव क्षेत्र में 21 नहर के मुहानों से खेतों तक पानी पहुंचाने वाली पक्की नालियों के निर्माण कार्य का भी उद्घाटन किया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार किसानों को लाभ पहुंचाने और जल प्रबंधन में सुधार के लिए सिंचाई के बुनियादी ढांचे को मजबूत कर रही है। मंत्री के अनुसार, 11.90 करोड़ रुपये की लागत से 34.5 किलोमीटर लंबी खेतों तक पानी पहुंचाने वाली पक्की नालियों का निर्माण किया गया है।
इन परियोजनाओं से लगभग 780 एकड़ कृषि भूमि को फ़ायदा होगा, क्योंकि इससे पानी की बर्बादी कम होगी और खेतों तक नहर के पानी की आपूर्ति होगी।
गोयल ने नाबार्ड योजना के तहत 96.16 लाख रुपये की लागत से निर्मित भूमिगत पाइपलाइन परियोजना का उद्घाटन किया, जिसका उद्देश्य सिंचाई सुविधाओं को बेहतर बनाना और किसानों को समय पर पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करना है।
भाषा प्रचेता मनीषा
मनीषा

Facebook


