पंजाब : आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप लगने के बाद मंत्री लालजीत भुल्लर ने दिया इस्तीफा

Ads

पंजाब : आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप लगने के बाद मंत्री लालजीत भुल्लर ने दिया इस्तीफा

  •  
  • Publish Date - March 21, 2026 / 07:16 PM IST,
    Updated On - March 21, 2026 / 07:16 PM IST

चंडीगढ़, 21 मार्च (भाषा) पंजाब के कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने शनिवार को राज्य मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अमृतसर में राज्य भंडारण निगम के एक अधिकारी द्वारा आत्महत्या करने के बाद भुल्लर से पद छोड़ने को कहा था। भुल्लर पर अधिकारी को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है।

अमृतसर में पंजाब राज्य भंडारण निगम के जिला प्रबंधक गगनदीप सिंह रंधावा ने शुक्रवार को कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली थी।

सोशल मीडिया पर शनिवार को एक असत्यापित वीडियो सामने आया, जिसमें पट्टी का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे रंधावा को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि उन्होंने जहर खा लिया है और परिवहन मंत्री पर उत्पीड़न का आरोप लगाया।

रंधावा को वीडियो में यह कहते सुना गया, “तुम्हारे दोस्त ने सल्फास खा लिया है, मंत्री लालजीत भुल्लर के डर से। अब मैं नहीं बचूंगा।”

तरनतारन के पट्टी से विधायक भुल्लर ने अपने खिलाफ लगे आरोपों को निराधार बताते हुए खारिज किया है।

मान ने मुख्य सचिव को इस मामले की जांच करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए मंत्री से पद छोड़ने को कहा गया है।

मान ने भुल्लर के इस्तीफे को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में संवाददाताओं से कहा, ‘‘इसके पीछे क्या कारण हैं? यह जांच का विषय है। जांच कराने से पहले हमने अपने मंत्री से इस्तीफा ले लिया, ताकि कोई जांच को प्रभावित न कर सके और न ही कोई दबाव डाल सके।’’

मान ने कहा कि इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भुल्लर के परिवहन एवं जेल विभाग किसी अन्य मंत्री को सौंपे जाएंगे।

विपक्षी दल के नेताओं ने आम आदमी पार्टी सरकार की कड़ी आलोचना की और भुल्लर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

शनिवार को सोशल मीडिया पर एक कथित वीडियो सामने आया था, जिसमें प्रबंधक गगनदीप सिंह रंधावा को यह कहते सुना जा सकता है कि उन्होंने जहरीला पदार्थ खा लिया है। रंधावा ने वीडियो में परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर का नाम लिया था। रंधावा के पास पट्टी का अतिरिक्त प्रभार भी था।

विपक्ष ने आरोप लगाया कि भुल्लर ने अपने पिता के नाम पर भंडारण गृह की निविदा दिलाने के लिए रंधावा पर दबाव डाला और उन पर 10 लाख रुपये की रिश्वत लेने की बात कबूल करने के लिए मजबूर किया। विपक्ष ने यह भी आरोप लगाया है कि 13 मार्च को रंधावा को भुल्लर के घर बुलाकर उनके साथ मारपीट भी की गयी।

अमृतसर से कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला ने आरोप लगाया कि निविदा किसी अन्य व्यक्ति को मिलने के बाद रंधावा को भुल्लर के आवास पर बुलाकर पीटा गया। फेसबुक पोस्ट में भुल्लर ने कहा कि उनकी पार्टी हमेशा सच के साथ खड़ी रहती है, इसलिए वह चाहते हैं कि उनके खिलाफ आरोपों की सही तरीके से जांच हो।

भुल्लर ने कहा, “जब तक जांच पूरी नहीं होती, मैं पार्टी और मुख्यमंत्री से मेरा इस्तीफा स्वीकार करने का अनुरोध करता हूं।”

इससे पहले, शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने आरोप लगाया कि रंधावा ने सल्फास खाकर आत्महत्या की।

मजीठिया ने यह भी आरोप लगाया कि रंधावा ने आत्महत्या करने से पहले भुल्लर का नाम लिया था और उन्हें 10 लाख रुपये की रिश्वत लेने की बात कबूल करने के लिए मजबूर किया गया था।

अकाली नेता ने आरोप लगाया कि रंधावा पर भुल्लर के एक सहयोगी को ठेका देने का दबाव बनाया गया लेकिन उन्होंने इसके बजाय वैध रूप से बोली जीतने वाले को चुना।

शिअद के नेता ने आरोप लगाया कि रंधावा को भुल्लर के पास बुलाया गया, उनके साथ मारपीट की गई और उनका वीडियो रिकॉर्ड करने की कोशिश की गई।

कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने भुल्लर के खिलाफ लगे आरोपों को गंभीर बताया।

बाजवा ने कहा, ‘‘‘मैं पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश से आग्रह करता हूं कि वह स्वतः संज्ञान लें और न्याय सुनिश्चित करें।’’

वहीं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने भी भुल्लर की गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि रंधावा ने कथित उत्पीड़न के कारण आत्महत्या की।

भाषा रवि कांत रवि कांत दिलीप

दिलीप