पंजाब के विधायक सिमरजीत बैंस के खिलाफ बलात्कार के आरोप में मामला दर्ज

Ads

पंजाब के विधायक सिमरजीत बैंस के खिलाफ बलात्कार के आरोप में मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - July 12, 2021 / 03:09 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 07:54 PM IST

लुधियाना, 12 जुलाई (भाषा) पंजाब के विधायक और लोक इंसाफ पार्टी के प्रमुख सिमरजीत सिंह बैंस के खिलाफ सोमवार को बलात्कार, सबूत नष्ट करने और आपराधिक धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

यहां की एक अदालत के निर्देश पर आत्मनगर के विधायक और छह अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। यहां 44 वर्षीय एक महिला द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार बैंस ने आर्थिक रूप से मदद करने के बहाने अपने कार्यालय में कई बार उससे कथित तौर पर बलात्कार किया।

महिला ने अपनी शिकायत में कहा, ‘‘पति की मृत्यु के बाद उसकी आर्थिक स्थिति कमजोर हो गई थी क्योंकि उसके बेटे का व्यवसाय लगभग बंद हो गया था और उसके मकान मालिक ने उन्हें परिसर खाली करने के लिए कहना शुरू कर दिया था। तभी किसी ने उसका परिचय बैंस से कराया।’’

हालांकि, बैंस ने इससे पहले महिला द्वारा उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों का खंडन किया था। शिकायतकर्ता ने अदालत के समक्ष कहा कि वह एक विधवा और बलात्कार पीड़िता है जो न्याय पाने के लिए एक साल से अधिक समय से दर-दर भटक रही है।

पिछले सप्ताह अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने लुधियाना के पुलिस आयुक्त को विधायक के खिलाफ मामला दर्ज करने का आदेश दिया था। इंस्पेक्टर अमनदीप सिंह बराड़ ने बताया कि सभी सातों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

भाषा

देवेंद्र उमा

उमा