पंजाब : नगर निगम चुनाव में बहुकोणीय मुकाबला होने की संभावना

पंजाब : नगर निगम चुनाव में बहुकोणीय मुकाबला होने की संभावना

पंजाब : नगर निगम चुनाव में बहुकोणीय मुकाबला होने की संभावना
Modified Date: December 20, 2024 / 10:34 pm IST
Published Date: December 20, 2024 10:34 pm IST

चंडीगढ़, 20 दिसंबर (भाषा) पंजाब में नगर निगम चुनाव में बहुकोणीय मुकाबला होने वाला है, जिसके लिए शनिवार को मतदान होगा।

इन निकाय चुनावों में आम आदमी पार्टी (आप), कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में हैं।

पंजाब में पांच नगर निगमों – अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, पटियाला और फगवाड़ा के अलावा 44 नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों के लिए चुनाव 21 दिसंबर को होंगे।

अधिकारियों ने बताया कि मतदान सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक होगा और मतदान पूरा होने के बाद उसी दिन मतदान केंद्र पर मतगणना होगी।

उन्होंने बताया कि मतदान के लिए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) का इस्तेमाल किया जाएगा।

अधिकारियों ने बताया कि नगर निकाय चुनाव के लिए कुल 3,336 उम्मीदवार मैदान में हैं। इन चुनावों के लिए कुल 3,809 मतदान केन्द्र होंगे।

अमृतसर और जालंधर नगर निगमों में 85-85 वार्ड हैं, जबकि लुधियाना, पटियाला और फगवाड़ा में क्रमशः 95, 60 और 50 वार्ड हैं।

यहां नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों के 598 वार्ड हैं।

नगर निगम चुनाव सत्तारूढ़ आप के लिए अग्निपरीक्षा होंगे, क्योंकि वह इन चुनावों में जीत दर्ज करना चाहेगी। नवंबर में हुए चार विधानसभा उपचुनावों में से तीन में जीत हासिल करने के बाद वह नगर निगम चुनावों में भी अपनी जीत की लय जारी रखना चाहेगी।

भाषा रवि कांत रवि कांत नरेश

नरेश


लेखक के बारे में