पंजाब को नशा-मुक्त बनाने के लिए ‘डबल इंजन’ सरकार की जरूरत: पंजाब भाजपा अध्यक्ष ढिल्लों
पंजाब को नशा-मुक्त बनाने के लिए ‘डबल इंजन’ सरकार की जरूरत: पंजाब भाजपा अध्यक्ष ढिल्लों
चंडीगढ़, 30 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने रविवार को कहा कि राज्य को नशा-मुक्त बनाने के लिए ‘डबल इंजन’ सरकार की जरूरत है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में नशे की समस्या का जिक्र किया था, जिसके बाद ढिल्लों ने समाज के सभी वर्गों के लोगों से ‘नशा-मुक्त भारत’ अभियान और ‘विकसित भारत के लिए नशा-मुक्त’ पहल का समर्थन करने की अपील की।
ढिल्लों ने कहा कि पंजाब को ऐसे अभियान की जरूरत है, क्योंकि राज्य ‘नशे के खतरे की चपेट में है।’
उन्होंने आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि चुनाव जीतने के तीन महीने के भीतर पंजाब को नशा मुक्त बनाने का दावा करने के बावजूद उसके शासन में यह समस्या और बढ़ गई है।
उन्होंने लोगों से इस अभियान से जुड़ने और युवा पीढ़ी को नशे से बचाने के लिए काम करने की अपील की।
ढिल्लों ने कहा, ‘‘पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए भाजपा की ‘डबल इंजन’ सरकार की जरूरत है। केवल भाजपा ही इस सामाजिक बुराई को खत्म कर सकती है।’’
भाजपा नेताओं द्वारा ‘डबल इंजन’ शब्द का इस्तेमाल उस स्थिति के लिए किया जाता है, जब केंद्र और किसी राज्य में, दोनों जगह भाजपा की सरकार होती है।
पंजाब में विधानसभा चुनाव अगले साल की शुरुआत में होने हैं। ढिल्लों ने रविवार को मोहाली जिले के खरड़ विधानसभा क्षेत्र के झझेरी गांव में आयोजित एक कार्यक्रम में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 137वीं कड़ी सुनी।
भाषा संतोष सुरेश
सुरेश

Facebook


