पंजाब:नर्सिंग कर्मियों ने वेतन वृद्धि की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की
पंजाब:नर्सिंग कर्मियों ने वेतन वृद्धि की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की
पटियाला, 26 मार्च (भाषा) पंजाब के तीन सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पतालों के नर्सिंग कर्मियों ने 4,600 रुपये के ग्रेड वेतन की बहाली की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की। कर्मियों ने राज्य सरकार द्वारा लागू किए गए आवश्यक सेवा (रखरखाव) अधिनियम (ईएसएमए) की अवहेलना करके यह हड़ताल शुरू की।
इस हड़ताल से पटियाला, अमृतसर और मोहाली के सरकारी मेडिकल कॉलेज में सेवाएं प्रभावित हुईं।
अधिकारियों ने बताया कि बहिरंग रोगी विभाग (ओपीडी), वार्ड प्रबंधन और अन्य गैर-आपातकाल कार्यों जैसी नियमित स्वास्थ्य सेवाओं में व्यवधान उत्पन्न हुआ।
हालांकि, इस बीच आपातकाल सेवाएं प्रभावित नहीं हुईं।
यह विरोध प्रदर्शन ‘यूनाइटेड नर्सेज एसोसिएशन ऑफ पंजाब’ के बैनर तले आयोजित किया गया। पंजाब सरकार ने इससे पहले राज्य भर के सरकारी मेडिकल कॉलेज और उनसे संबद्ध अस्पतालों में निर्बाध चिकित्सा तथा नर्सिंग सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए ईएसएमए लागू किया था।
इस आदेश में नर्सिंग कर्मियों और अन्य चिकित्सा कर्मियों को ड्यूटी से अनुपस्थित न रहने का निर्देश दिए जाने के साथ ही चेतावनी दी गई थी कि उल्लंघन करने पर ईएसएमए के तहत कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
इस आदेश के बावजूद नर्सों ने अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखा और ग्रेड पे की बहाली की मांग की।
एसोसिएशन के अध्यक्ष रमनजीत सिंह गिल ने बताया कि तीन शहरों के मेडिकल कॉलेज की नर्सों ने हड़ताल में हिस्सा लिया। गिल ने कहा, ‘‘हमारी मुख्य मांग 4,600 रुपये का ग्रेड पे बहाल करना है।’’
उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं की जातीं तब तक वे आंदोलन जारी रखेंगे।
भाषा यासिर संतोष
संतोष

Facebook


