चंडीगढ़, 19 मई (भाषा) पंजाब राज्य अनुसूचित जाति (एससी) आयोग के अध्यक्ष जसवीर सिंह गढ़ी ने मंगलवार को राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग (एनसीएससी) के अध्यक्ष से मुलाकात की और जनगणना 2027 के मकसद से तैयार किए गए प्रारूपों में अनुसूचित जातियों के लिए कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए ‘‘अपमानजनक व प्रतिबंधित शब्दों’’ को हटाने की मांग की।
एनसीएससी ने एक आधिकारिक सूची में ‘‘जातिवादी’’ शब्दों के इस्तेमाल के आरोप से संबंधित शिकायत पर पंजाब सरकार और जनगणना संचालन निदेशालय को नोटिस जारी किया है।
एक आधिकारिक प्रवक्ता के अनुसार, पंजाब राज्य एससी आयोग ने राष्ट्रीय निकाय से संपर्क किया है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि जनगणना 2027 की सूचियों और ऑनलाइन स्व-गणना पोर्टल में प्रयुक्त अपमानजनक तथा सामाजिक रूप से भेदभावपूर्ण शब्दावली को तुरंत हटा दिया जाए।
यह कार्रवाई पंजाब एससी आयोग के समक्ष दर्ज कराई गई एक औपचारिक शिकायत के बाद की गई है।
भाषा यासिर जोहेब
जोहेब