पंजाब : होशियारपुर में बैंक के ‘स्ट्रांग रूम’ तक पहुंचने में नाकाम रहा चोर, टैबलेट लेकर फरार
पंजाब : होशियारपुर में बैंक के ‘स्ट्रांग रूम’ तक पहुंचने में नाकाम रहा चोर, टैबलेट लेकर फरार
होशियारपुर, दो जून (भाषा) पंजाब के होशियारपुर जिले के दसूहा कस्बे में एक चोर पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की शाखा में चोरी की कोशिश में नाकाम रहा। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि सोमवार देर रात एक अज्ञात व्यक्ति खिड़की की ग्रिल काटकर बैंक परिसर के भीतर घुस गया, हालांकि वह ‘स्ट्रांग रूम’ तक पहुंचने में नाकाम रहा।
बैंक अधिकारियों के मुताबिक, ‘स्ट्रांग रूम’ पूरी तरह से सुरक्षित है और बैंक से कोई भी नकदी गायब नहीं हुई है। हालांकि, उन्होंने बताया कि चोर बैंक परिसर से एक टैबलेट लेकर फरार हो गया।
ऊची गांव में पीएनबी की शाखा में सेंधमारी का यह मामला मंगलवार सुबह तब सामने आया, जब स्थानीय निवासियों ने खिड़की की ग्रिल कटी हुई पाई और पुलिस तथा गांव के सरपंच को इसकी सूचना दी।
सीसीटीवी फुटेज से पता चलता है कि संदिग्ध खिड़की की ग्रिल काटकर बैंक शाखा में घुसा और परिसर में मौजूद ‘स्ट्रांग रूम’ को ढूंढने की कोशिश की।
बैंक के वरिष्ठ प्रबंधक निखिल भगत ने बताया कि मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों और पुलिस ने बैंक में सेंधमारी की सूचना दी, जिसके बाद अधिकारी तुरंत शाखा पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज खंगाला।
भगत ने कहा, “शुरुआती जांच में पता चला है कि केवल एक डिजिटल टैबलेट गायब हुआ है। ‘स्ट्रांग रूम’ पूरी तरह सुरक्षित है। विस्तृत मूल्यांकन जारी है।”
घटना की जांच कर रहे उप-निरीक्षक मनजोत ने कहा कि आरोपी की पहचान करने और उसे पकड़ने के लिए पुलिस टीम आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं।
भाषा Intern पारुल
पारुल

Facebook


