चंडीगढ़, नौ सितंबर (भाषा) पंजाब पुलिस की खुफिया-रोधी शाखा ने सीमा पार मादक पदार्थ और हथियार तस्करी से जुड़े एक मॉड्यूल के दो कथित सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पांच किलोग्राम ‘आईस’ (क्रिस्टलीय मेथामफेटामाइन) और तीन विदेशी पिस्तौल बरामद की हैं। पुलिस के एक शीर्ष अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि आरोपियों की पहचान अमृतसर निवासी सोहन सिंह और सलीम के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि जांच में सामने आया कि यह मॉड्यूल कथित तौर पर विदेश में मौजूद तस्करों के साथ मिलकर काम कर रहा था और उनके सहयोगियों के जरिए मादक पदार्थों तथा हथियारों की खेप मंगाकर आगे पहुंचाई जाती थी। मॉड्यूल के एक प्रमुख सदस्य की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
डीजीपी ने बताया कि ‘काउंटर इंटेलीजेंस’, अमृतसर की टीम को सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी बड़ी खेप की आपूर्ति के सिलसिले में अमृतसर के लोपोके रोड स्थित अड्डा बौली में मिलने वाले हैं। पुलिस ने छापा मारकर दोनों को पकड़ा और उनके कब्जे से पांच किलो ‘आईस’ तथा तीन पिस्तौल बरामद कीं।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
भाषा
राखी प्रशांत
प्रशांत