पंजाबी गायक राजवीर जावंदा की हालत अभी भी नाजुक: अस्पताल
पंजाबी गायक राजवीर जावंदा की हालत अभी भी नाजुक: अस्पताल
चंडीगढ़, दो अक्टूबर (भाषा) हिमाचल प्रदेश में सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए पंजाबी गायक राजवीर जावंदा की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। अस्पताल के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
जावंदा (35) मोटरसाइकिल से शिमला जाते समय 27 सितंबर को हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में एक दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
पुलिस ने पहले बताया था कि यह दुर्घटना बद्दी इलाके में तब हुई जब गायक ने मोटरसाइकिल पर से अपना नियंत्रण खो दिया। गायक को शनिवार को ‘बेहद गंभीर’ हालत में पंजाब के मोहाली स्थित फोर्टिस अस्पताल लाया गया था।
मोहाली स्थित फोर्टिस अस्पताल की टीम ने कहा, ‘‘राजवीर जावंदा को गहन देखभाल और तंत्रिका विज्ञान विभाग द्वारा कड़ी निगरानी में जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया है।’’
फोर्टिस अस्पताल ने शनिवार को बताया था कि सड़क दुर्घटना में गायक के सिर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आईं हैं और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है।
जावंदा का हालचाल जानने के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान रविवार को अस्पताल पहुंचे थे। कई पंजाबी कलाकारों ने भी उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
लुधियाना के जगरांव के गांव पोना के रहने वाले जावंदा को उनके गानों ‘तू दिस पेंदा’, ‘खुश रह कर’, ‘सरदारी’, ‘सरनेम’, ‘आफरीन’, ‘लैंडलॉर्ड’, ‘डाउन टू अर्थ’ और ‘कंगनी’ के लिए जाना जाता है।
जावंदा ने 2018 में गिप्पी ग्रेवाल अभिनीत फिल्म ‘सूबेदार जोगिंदर सिंह’, 2019 में ‘जिंद जान’ और 2019 में ‘मिंडो तसीलदारनी’ में भी अभिनय किया था।
भाषा
देवेंद्र नरेश
नरेश

Facebook


