खर्च में कटौती की पहल के बीच मुख्यमंत्री की बैठक में शामिल होने बस से पहुंचे पुरुलिया के अधिकारी
खर्च में कटौती की पहल के बीच मुख्यमंत्री की बैठक में शामिल होने बस से पहुंचे पुरुलिया के अधिकारी
कोलकाता, 21 मई (भाषा) पश्चिम बंगाल सरकार के व्यय पर अंकुश लगाने के निर्देश के अनुरूप, पुरुलिया जिले के वरिष्ठ अधिकारी मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी द्वारा बुलाई गई समीक्षा बैठक में भाग लेने के लिए बस से दुर्गापुर पहुंचे। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
दुर्गापुर सिटी सेंटर के सृजनी सभागार में बैठक में राज्य के पांच पश्चिमी जिलों पुरुलिया, बांकुड़ा, पश्चिम वर्धमान, पूर्व वर्धमान और बीरभूम के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भाग ले रहे हैं।
पुरुलिया के जिलाधिकारी सुधीर कोंथम ने कहा कि बस यात्रा की यह पहल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ईंधन बचाने की अपील और राज्य सरकार के सरकारी वाहनों के उपयोग को कम करने के निर्देश के अनुरूप की गई है।
प्रधानमंत्री ने नागरिकों से ईंधन की खपत कम करने की अपील की है। इसके अलावा, राज्य सरकार ने विभागों को सरकारी वाहनों का उपयोग कम करने का निर्देश भी दिया है।
कोंथम ने कहा, ‘उन निर्देशों का पालन करते हुए, हम दुर्गापुर में मुख्यमंत्री की विकास समीक्षा बैठक में भाग लेने के लिए बस से यात्रा कर रहे हैं।’
सुबह करीब 9.45 बजे, जिलाधिकारी, अतिरिक्त जिलाधिकारी, उप-विभागीय अधिकारियों और बीडीओ को ले जाने वाली दो बसें जिला प्रशासनिक मुख्यालय से दुर्गापुर के लिए रवाना हुईं।
पुलिस अधिकारियों ने यात्रा के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले वाहनों की संख्या भी कथित तौर पर कम कर दी है।
प्रशासन के अधिकारियों के अलावा, दुर्गापुर में बृहस्पतिवार को होने वाली बैठक में पांचों जिलों के पुलिस थाना प्रभारी अधिकारियों, विधायकों और सांसदों के भी शामिल होने की उम्मीद है।
अधिकारियों ने बताया कि मुख्य सचिव मनोज कुमार अग्रवाल ने 18 मई को सभी विभागों और जिलों को निर्देश जारी किए थे, जिसमें उनसे अनावश्यक यात्रा और सरकारी वाहनों के अत्यधिक उपयोग सहित प्रशासनिक व्यय कम से कम करने को कहा गया था।
भाषा तान्या मनीषा वैभव
वैभव

Facebook


