कतर के मंत्री ने भारतीय दूतावास का दौरा किया; फैक्टरी में हुए धमाके में 12 लोगों की मौत पर शोक जताया
कतर के मंत्री ने भारतीय दूतावास का दौरा किया; फैक्टरी में हुए धमाके में 12 लोगों की मौत पर शोक जताया
दुबई, 24 जून (भाषा) कतर के ऊर्जा मंत्री साद बिन शेरदा अल-काबी ने बुधवार को दोहा में भारतीय दूतावास का दौरा किया और बरज़ान गैस प्रतिष्ठान में हुए विस्फोट में 12 भारतीय नागरिकों की मौत पर शोक व्यक्त किया।
रस लाफ़ान इंडस्ट्रियल सिटी में रविवार को हुई घटना में 13 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में एक पाकिस्तानी नागरिक भी शामिल था।
‘कतरएनर्जी’ के एक बयान में अल-काबी के हवाले से कहा गया, ‘‘निर्दोष लोगों की जान जाना एक ऐसी त्रासदी है जो हम सभी को प्रभावित करती है। हमारी संवेदनाएं उन लोगों के परिवारों और प्रियजनों के साथ हैं जिन्होंने इस दुखद घटना में अपनी जान गंवाई।’’
सरकारी पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस कंपनी के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी अल-काबी ने भारतीय राजदूत विपुल से मुलाकात की और व्यक्तिगत रूप से तथा कतर के ऊर्जा क्षेत्र की ओर से शोक व्यक्त किया।
उन्होंने कहा, ‘‘हम घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं।’’
भारतीय दूतावास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि राजदूत विपुल ने दुर्घटना से प्रभावित लोगों और परिवारों को कतरी अधिकारियों से मिल रहे सहयोग के लिए मंत्री का धन्यवाद किया।
कतर के अधिकारियों के अनुसार, इस घटना में कम से कम 66 लोग घायल हुए। यह घटना गैस प्रतिष्ठान में कार्य के दौरान ‘‘तकनीकी खराबी’’ की वजह से हुई, और घटना के सही कारण का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
‘कतरएनर्जी’ ने एक अलग बयान में कहा कि अल-काबी ने पाकिस्तानी नागरिक की मौत पर शोक व्यक्त करने के लिए पाकिस्तानी दूतावास का भी दौरा किया।
भाषा नेत्रपाल माधव
माधव

Facebook


