रघु राय के कैमरे ने भारत की आत्मा को कैद किया : राहुल गांधी
रघु राय के कैमरे ने भारत की आत्मा को कैद किया : राहुल गांधी
नयी दिल्ली, 26 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रख्यात छायाकार रघु राय के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए रविवार को कहा कि उनके कैमरे ने ‘‘भारत की आत्मा’’ को चित्रित किया तथा देश की स्मृतियों को सहेज कर रखा।
भारत के विविध रूपों को अपने कैमरे में कैद करने वाले देश के प्रख्यात छायाकारों में से एक रघु राय का रविवार तड़के यहां एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह 83 वर्ष के थे।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘रघु राय जी के कैमरे ने छह दशकों से अधिक समय तक भारत की आत्मा, इसके लोगों, संघर्षों, खुशियों और निर्णायक क्षणों को चित्रित किया।’’
कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘उन्होंने केवल तस्वीरें नहीं खींचीं, बल्कि हमारे राष्ट्र की स्मृतियों को सहेज कर रखा।’’
गांधी ने कहा, ‘‘उनके परिवार, सहयोगियों और उनके काम से पीढ़ियों तक प्रभावित हुए अनगिनत प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।’’
पंजाब प्रांत के झांग शहर में (अब पाकिस्तान में) 18 दिसंबर 1942 को जन्मे राय ने सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी, लेकिन 23 साल की उम्र में उन्होंने कैमरा थाम लिया और 1966 में ‘द स्टेट्समैन’ अखबार के मुख्य छायाकार बन गए थे।
भाषा गोला खारी
खारी

Facebook


