पिछले 12 साल में राहुल ने 129 संवाददाता सम्मेलन संबोधित किए, प्रधानमंत्री ने एक भी नहीं: कांग्रेस

Ads

पिछले 12 साल में राहुल ने 129 संवाददाता सम्मेलन संबोधित किए, प्रधानमंत्री ने एक भी नहीं: कांग्रेस

  •  
  • Publish Date - May 19, 2026 / 09:05 PM IST,
    Updated On - May 19, 2026 / 09:05 PM IST

नयी दिल्ली, 19 मई (भाषा) कांग्रेस ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले 12 वर्ष के दौरान एक भी संवाददाता सम्मेलन को संबोधित नहीं किया, लेकिन इसी अवधि में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 129 बार प्रेस वार्ता के जरिए मीडिया के सवालों के जवाब दिए।

मुख्य विपक्षी दल ने एक सूची भी जारी की, जिसके मुताबिक, राहुल गांधी ने वर्ष 2013 से 2025 के दौरान कुल 129 संवाददाता सम्मेलन संबोधित किए और 2019 में उन्होंने सबसे अधिक 21 बार पत्रकारों के सवालों का सामना किया।

पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘पूरे देश ने देखा कि विदेशी धरती पर महज एक सवाल के चलते हमारे प्रधानमंत्री किस तरह बचते और भागते नजर आए। पूरी दुनिया ने देखा कि विश्व के सबसे विशाल लोकतंत्र के राष्ट्राध्यक्ष एक सवाल का सामना करने में भी सहज नहीं हैं।’

उन्होंने दावा किया कि भारत पिछले 12 वर्ष से यह देख रहा है।

रमेश ने कहा, ‘भारत के लोकतंत्र में मीडिया, विपक्ष और विभिन्न राष्ट्राध्यक्षों ने हमेशा सवाल पूछने और जवाब देने की लोकतांत्रिक परंपरा निभाई है। लेकिन पिछले 12 वर्षों में यह परंपरा प्रधानमंत्री की तरफ से लगभग टूट चुकी है।’

उन्होंने कहा, ‘इसके बावजूद करोड़ों लोगों की आशा-आकांक्षाओं को आवाज देते हुए और भारत की सबसे प्रमुख विपक्षी पार्टी के नेता के तौर पर राहुल गांधी ने तमाम मुद्दों पर सवालों का सामना किया है। सरकार से सवाल पूछे हैं। उन्होंने प्रेस के सामने आकर बातचीत की है। 2013 से 2025 तक उन्होंने 129 संवाददाता सम्मेलन संबोधित किए। इसके अलावा कई मौकों पर अनगिनत सवालों का भी सीधे जवाब दिया है।’

भाषा हक माधव अविनाश

अविनाश