व्यक्तिगत लाभ के लिए हमेशा किसी विशेष समुदाय का तुष्टिकरण करते हैं राहुल गांधी : नितिन नवीन
व्यक्तिगत लाभ के लिए हमेशा किसी विशेष समुदाय का तुष्टिकरण करते हैं राहुल गांधी : नितिन नवीन
(फोटो के साथ)
तिरुवनंतपुरम, 31 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए मंगलवार को आरोप लगाया कि वह (राहुल) व्यक्तिगत लाभ के लिए “हमेशा एक खास समुदाय का तुष्टिकरण” करते हैं।
केरल में नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा का घोषणापत्र जारी करने के बाद नवीन ने यह टिप्पणी की। भाजपा अध्यक्ष ने यह बयान उस समय दिया जब एक दिन पहले राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर पलक्कड़ दौरे के दौरान शबरिमला मंदिर के सोने के नुकसान के मुद्दे पर “चुप रहने” का आरोप लगाया था।
नवीन ने कहा कि केरल की जनता राहुल गांधी के “असली चेहरे” को जानती है।
उन्होंने कांग्रेस नेता पर निशाना साधते हुए कहा, “केरल के लोग आपकी तुष्टिकरण की राजनीति से परिचित हैं और जानते हैं कि आप एक विशेष समुदाय का पक्ष लेते हैं। अपने लाभ के लिए आपने हमेशा दूसरे समुदाय को खुश करने की कोशिश की है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल शबरिमला में सोने के नुकसान का मुद्दा तो उठा रहे थे, लेकिन जब तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के बेटे उदयनिधि स्टालिन ने कथित तौर पर हिंदू समुदाय और उसकी मान्यताओं का अपमान किया, तब राहुल ‘चुप’ रहे।
राहुल ने सोमवार को शबरिमला मुद्दे पर प्रधानमंत्री मोदी की कथित चुप्पी पर सवाल उठाया।
राहुल गांधी ने सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी से सवाल किया था कि वे जहां भी जाते हैं, मंदिरों और धर्म की बात करते हैं, लेकिन पलक्कड़ दौरे के दौरान शबरिमला में हुई घटना पर उन्होंने कुछ नहीं कहा।
राहुल गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने “वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) को नुकसान से बचाने के लिए चुप्पी साधी”, जिससे यह संकेत मिलता है कि भाजपा और वाम दल “मिलकर काम कर रहे हैं।”
कांग्रेस नेता ने कहा कि “नरेन्द्र मोदी को धर्म, हिंदुत्व या मंदिरों की परवाह नहीं है।”
भाषा रवि कांत रवि कांत माधव
माधव

Facebook


