एआई समिट विरोध प्रदर्शन मामले में गिरफ्तार हुए कार्यकर्ताओं से मिले राहुल गांधी
एआई समिट विरोध प्रदर्शन मामले में गिरफ्तार हुए कार्यकर्ताओं से मिले राहुल गांधी
नयी दिल्ली, 22 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने इस साल फरवरी में एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान ‘शर्टलेस’ विरोध प्रदर्शन के लिए गिरफ्तार किए गए भारतीय युवा कांग्रेस के कई पदाधिकारियों से बुधवार को मुलाकात की और कहा कि इन ‘‘बब्बर शेरों’ के साहस तथा देशभक्ति पर उन्हें गर्व है।
विरोध प्रदर्शन के बाद गिरफ्तार किए गए युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों से एकसाथ राहुल गांधी की यह पहली मुलाकात थी।
राहुल गांधी ने कांग्रेस मुख्यालय में हुई इस मुलाकात की तस्वीर अपने इंस्टाग्राम पेज पर साझा कीं।
राहुल गांधी ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट में कहा, ‘‘आज युवा कांग्रेस के बब्बर शेर साथियों से मुलाकात की जो अपने शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए गिरफ़्तार कर लिए गए थे। शांतिपूर्ण विरोध हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। और, खासकर तब और ज़रूरी हो जाता है, जब देश का प्रधानमंत्री ‘कम्प्रोजाइज्ड’ हो।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे और कांग्रेस पार्टी को अपने बब्बर शेरों के साहस और देशभक्ति पर गर्व है।’’
इस साल फरवरी में भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान युवा कांग्रेस के कई पदाधिकारियों ने कमीज उतारकर विरोध प्रदर्शन किया था, जिसके बाद युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भनु चिब और कई अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया था। बाद में इन लोगों को जमानत मिल गई थी।
भाषा हक
हक पवनेश
पवनेश

Facebook


