राजकोट में मसाला कारखाने पर छापा, 1.11 करोड़ रुपये का मिलावटी माल जब्त
राजकोट में मसाला कारखाने पर छापा, 1.11 करोड़ रुपये का मिलावटी माल जब्त
राजकोट, 18 जून (भाषा) गुजरात के खाद्य एवं औषधि नियंत्रण प्रशासन (एफडीसीए) ने राजकोट जिले में मसाला बनाने के एक कारखाने पर छापा मारकर 1.11 करोड़ रुपये से अधिक कीमत का 35,500 किलोग्राम से ज्यादा संदिग्ध मिलावटी माल जब्त किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
राज्य स्वास्थ्य विभाग की एक विज्ञप्ति के अनुसार, मिलावटी और घटिया खाद्य उत्पादों के खिलाफ चल रहे राज्यव्यापी अभियान के तहत एफडीसीए की राजकोट टीम ने 17 जून को गोंडल शहर के भीमवाड़ी इलाके में स्थित मसाला निर्माण इकाई पर यह कार्रवाई की।
निरीक्षण के दौरान, अधिकारियों ने संदिग्ध पाए गए खाद्य पदार्थों के चार नमूने लिए और जांच के लिए स्टॉक को जब्त कर लिया।
विज्ञप्ति में बताया गया कि जांच के लिए खुले धनिया पाउडर और मक्के के खुले आटे के नमूने लिए गए और 8.22 लाख रुपये कीमत का लगभग 6,766 किलोग्राम माल जब्त किया गया।
अधिकारियों ने खुली लाल मिर्च पाउडर और खुली हल्दी पाउडर के नमूने भी लिए और इन दोनों उत्पादों का लगभग 28,671 किलोग्राम माल जब्त किया, जिसकी कीमत 1.02 करोड़ रुपये है।
इस पूरी कार्रवाई के दौरान कुल मिलाकर 1.11 करोड़ रुपये का 35,527 किलोग्राम संदिग्ध मिलावटी सामान जब्त किया गया।
विभाग ने बताया कि इन नमूनों को जांच के लिए सरकारी लैब में भेजा गया है। लैब की रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम (एफएसएस अधिनियम) के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल्ल पानशेरिया ने कहा कि राज्य सरकार लोगों को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य उत्पाद देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने साफ किया कि मिलावटी और घटिया सामान बनाने या बेचने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी और लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों पर कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
भाषा सुमित माधव
माधव

Facebook


