यात्री आरक्षण प्रणाली को बेहतर बना रहा रेलवे, प्रति मिनट सवा लाख टिकट की होगी बुकिंग : क्रिस
यात्री आरक्षण प्रणाली को बेहतर बना रहा रेलवे, प्रति मिनट सवा लाख टिकट की होगी बुकिंग : क्रिस
नयी दिल्ली, एक जुलाई (भाषा) रेलवे यात्री आरक्षण प्रणाली का उन्नयन कर रहा है, जिससे वह प्रति मिनट 1.25 लाख तक टिकट बुकिंग की व्यवस्था कर सकेगा जो मौजूदा क्षमता 25,000 टिकट प्रति मिनट से पांच गुना अधिक है।
रेल मंत्रालय की प्रौद्योगिकी इकाई रेल सूचना प्रणाली केंद्र (क्रिस) ने बुधवार को अपने 41वें स्थापना दिवस पर जारी बयान में कहा कि यह बढ़ी हुई क्षमता टिकट बुकिंग में उल्लेखनीय सुधार करेगी और भारतीय रेलवे को यात्री आरक्षण सेवाओं की बढ़ती मांग को अधिक दक्षता के साथ पूरा करने में सक्षम बनाएगी।
रेल मंत्रालय के अधिकारी, उद्योग जगत के विशेषज्ञ, अकादमिक क्षेत्र के विद्वान और क्रिस के कर्मचारी इस कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य इस संगठन की यात्रा और भारतीय रेलवे के डिजिटल बदलाव में उसके योगदान को याद करना था।
पिछले चार दशक में क्रिस ने यात्री आरक्षण प्रणाली, माल ढुलाई परिचालन प्रणाली, अनारक्षित टिकट प्रणाली, राष्ट्रीय ट्रेन पूछताछ प्रणाली और भारतीय रेलवे की ई-खरीद प्रणाली समेत कई महत्वपूर्ण डिजिटल प्रणालियां विकसित की हैं।
अधिकारियों ने बताया कि इन पहल के तहत पिछले वर्ष भारतीय रेलवे का सुपरऐप ‘रेलवन’ लाया गया था, जिसे तब से देशभर के यात्रियों ने व्यापक रूप से अपनाया है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्रिस के प्रबंध निदेशक जीवीएल सत्य कुमार ने कहा, ‘‘रेलवन सुपरऐप शुरू करने, यात्री आरक्षण प्रणाली का आधुनिकीकरण, साइबर सुरक्षा मजबूत करने, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) को अपनाने जैसे हर कदम के पीछे एकमात्र सोच यह रही है कि प्रौद्योगिकी का अंतिम उद्देश्य भारतीय रेलवे और उसके यात्रियों को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाना है।’’
भाषा सुभाष नरेश
नरेश

Facebook


